Aurangabad News : नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में 78 करोड़ का बजट पारित

Published by :AMIT KUMAR SINGH_PT
Published at :27 Apr 2026 10:15 PM (IST)
विज्ञापन
Aurangabad News : नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में 78 करोड़ का बजट पारित

Aurangabad News:विकास योजनाओं पर हुआ मंथन, वेंडिंग जोन, मीट-फिश मार्केट और टाउन-2 विकास पर बनी सहमति

विज्ञापन

नवीनगर. नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट समेत कई महत्वपूर्ण जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक में विकास योजनाओं, अतिक्रमण, कर्मियों की समस्याओं, अस्थाई प्याऊ, नल-जल योजना, मांस-मछली बिक्री व्यवस्था तथा अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया गया. बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 78 करोड़ तीन लाख 35 हजार 275 रुपये का बजट पारित किया गया. इस बजट में नगर विकास, आधारभूत संरचना सुदृढ़ीकरण, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया. बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में मांस एवं मछली बिक्री को व्यवस्थित करने के लिए अलग से मीट-फिश मार्केट हेतु जमीन चिन्हित करने पर विचार किया गया. इससे अव्यवस्थित बिक्री पर नियंत्रण और स्वच्छता व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जतायी गयी. नगर में छोटे कारोबारियों और फुटपाथ दुकानदारों के लिए पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने पर सहमति बनी. इसके तहत जनकपुर पोखरा, नाला पर मंगल बाजार, शनिचर बाजार, बस स्टैंड तथा इमली पेड़ के पास वेंडिंग जोन बनाये जाने का प्रस्ताव रखा गया. इससे रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित स्थान मिलेगा और अतिक्रमण की समस्या पर नियंत्रण होगा. बैठक में नगर पंचायत अंतर्गत टाउन-2 विकसित करने तथा इसके लिए उपयुक्त स्थल चिह्नित कर स्थलीय जांच कराने पर भी विचार किया गया. इसे नगर विस्तार और भविष्य की आवश्यकताओं को देखते हुए महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. अतिक्रमण हटाने, नल-जल योजनाओं की निगरानी और गर्मी को देखते हुए अस्थाई प्याऊ संचालन को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए. कर्मियों से जुड़े मुद्दों पर समाधान की दिशा में पहल का भरोसा दिलाया गया. बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी किशोर भारती, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रियंका सिंह, वार्ड पार्षद दीपक कुमार, अजय प्रसाद, आरती देवी, कुसुम देवी, प्रेमलता कुमारी, शिवपतिया देवी, रितेश कुमार, मंजूषा सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. बैठक में लिये गये निर्णयों को नगर विकास की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है, जिससे आने वाले दिनों में शहरी व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जतायी जा रही है.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINGH_PT

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINGH_PT

AMIT KUMAR SINGH_PT is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन