Aurangabad News : जमीन विवाद में मारपीट, दो लोगों की मौत

Updated at : 15 Nov 2024 10:30 PM (IST)
विज्ञापन
Aurangabad News : जमीन विवाद में मारपीट, दो लोगों की मौत

Aurangabad News: घोड़दौड़ गांव में चार कट्ठा जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद

विज्ञापन

ओबरा. स्थानीय थाना क्षेत्र के घोड़दौड़ गांव में जमीन विवाद में लाठी-डंडे व लोहे के रॉड से हुई मारपीट में दो लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में दोनों पक्षों से एक-एक व्यक्ति शामिल हैं. घटना गुरुवार देर रात की है. मृतकों में बिंदेश्वरी सिंह के 28 वर्षीय पुत्र राजू सिंह व रमता सिंह के 45 वर्षीय पुत्र पप्पू सिंह शामिल हैं. मारपीट में बिंदेश्वरी सिंह घायल हैं, इन्हें बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल काॅलेज, गया रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल राजू सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां पर राजू सिंह की गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने औरंगाबाद रेफर कर दिया, लेकिन सदर अस्पताल जाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. वहीं, पप्पू सिंह को घायल अवस्था में जमुहार ले जाया गया, जहां से वाराणसी ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया. वाराणसी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी है. इस घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक व्यक्ति रमता सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.

जमीन पर कब्जे को लेकर चल रही लड़ाई

घटना के बारे में बताया जाता है कि चार कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों में पहले से विवाद चल रहा है. इसी मामले में गुरुवार की देर रात लाठी-डंडे से दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. चार कट्ठा जमीन पर खलिहान लगाने को लेकर विवाद हो गया और वाद विवाद बढ़ते ही दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे व लोहे के रॉड का प्रयोग करते हुए जमकर मारपीट हुई. इसमें राजू सिंह, बिंदेश्वरी सिंह व पप्पू सिंह घायल हो गये. तीनों घायलों को इलाज के लिए ओबरा सीएचसी में लाया गया है. जिसके बाद राजू व पप्पू की मौत हो गयी. परिजनों ने बताया कि गांव के ही मनोज सिंह की जमीन थी, जिस पर दोनों पक्षों द्वारा अपने-अपने कब्जे की बात को लेकर लड़ाई चलती रहती थी. रमता सिंह द्वारा कहा जाता था कि उक्त जमीन पर उसने पैसा दिया है. वहीं, बिंदेश्वरी सिंह द्वारा कहा जाता था कि इस जमीन पर उसने पैसा दिया है. दोनों अपने-अपने कब्जे को लेकर विवाद करते थे. इसी को लेकर बिंदेश्वरी सिंह द्वारा खलिहान छीलने को लेकर बात कही गयी और उसी में दोनों पक्षों में बात बिगड़ गयी. जिसके बाद यह घटना हुई.

राजू के भाभी के बयान पर 10 लोगों पर केस

घटना के बाद पूरे गांव में सन्नाटे का माहौल है. दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच की है. एसडीपीओ ने बताया कि दोनों पक्षों में जमीन विवाद के मामले पहले से चल रहे थे. मामले में रमता सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. अनिल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. वैज्ञानिक अनुसंधान व एसआइटी गठन कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. शेष आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. इधर, प्रभारी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मृतक राजू सिंह की भाभी राखी देवी के बयान पर 10 लोगों को नामजद आरोपित बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज की गयी है. प्राथमिकी में गाय बांधने को लेकर विवाद होने की बात कहीं गयी है, लेकिन जांच के दौरान चार कट्ठे की जमीन पर विवाद की बात सामने आयी है. वहीं, दूसरे पक्ष से संवाद भेजे जाने तक किसी तरह की कोई भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन