औरंगाबाद में हैवानियत की हदें पार: 5 साल की मासूम से दुष्कर्म के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तारी (सांकेतिक इमेज)
औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र में 5 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी श्रवण पासवान को गिरफ्तार कर लिया है.
औरंगाबाद जिले के जम्होर थाना क्षेत्र में एक पांच साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म के प्रयास और यौन उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. इस घिनौनी वारदात के बाद से इलाके में आक्रोश का माहौल है. हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है.
क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां के द्वारा जम्होर थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, उनकी पांच साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी. इसी दौरान गांव का ही रहने वाला श्रवण पासवान उर्फ टीटी वहां पहुंचा. आरोपित ने बच्ची को पैसे देकर दुकान से गुटका लाने के लिए भेजा. बच्ची के लौटने पर आरोपित ने उसे एक कमरे में बंद कर लिया और उसके साथ जबरदस्ती करने का कुत्सित प्रयास किया.
डर और धमकी से सहमी रही मासूम
शिकायत में बताया गया है कि घटना के दिन बच्ची के रोने पर आरोपी ने उसे छोड़ दिया, लेकिन किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी. अगले दिन भी आरोपित ने बिस्कुट और पांच रुपये का प्रलोभन देकर बच्ची को दोबारा बुलाने की कोशिश की. जब बच्ची डरी-सहमी घर लौटी और मां ने पूछताछ की, तो उसने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई. बच्ची ने बताया कि चाचा ने कमरे में बंद कर उसके साथ गलत हरकत की थी. घटना के वक्त पीड़िता के पिता घर पर नहीं थे, जिसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर मामला दर्ज कराया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
इस संवेदनशील मामले में पुलिस ने बिना देर किए त्वरित एक्शन लिया है. जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस ने इस मामले में प्रासंगिक धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










