नए राशन कार्ड निर्गमन में औरंगाबाद ने हासिल की 101 प्रतिशत उपलब्धि, मुख्य सचिव ने की सराहना
वीडियो कांफ्रेंस में शामिल पदाधिकारी
Aurangabad News : औरंगाबाद जिले ने नए राशन कार्ड निर्गमन में 101 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर राज्य में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है। धान अधिप्राप्ति और सीएमआर आपूर्ति में भी शानदार प्रदर्शन।
Aurangabad News : खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान औरंगाबाद जिले ने नए राशन कार्ड निर्गमन में 101 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर राज्य के अग्रणी जिलों में स्थान बनाया है. वहीं धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की 98.73 प्रतिशत आपूर्ति तथा एसआईआर कार्य में 99 प्रतिशत प्रगति दर्ज करने पर जिले के प्रदर्शन की सराहना की गई. सोमवार को बिहार सरकार के मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की समीक्षा की. बैठक में नए राशन कार्ड निर्गमन, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस), धान अधिप्राप्ति के विरुद्ध कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) की आपूर्ति, एसआईआर, लंबित आवेदनों के निष्पादन तथा अन्य योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई.
नए राशन कार्ड जारी करने में लक्ष्य से आगे निकला जिला
समीक्षा के दौरान बताया गया कि औरंगाबाद जिले को 5 अगस्त तक 48,241 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य दिया गया था. 2 अगस्त तक जिले ने निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध 101 प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर राज्य के अग्रणी जिलों में अपनी जगह बनाई.
पीडीएस दुकानों की कोई रिक्ति नहीं
जन वितरण प्रणाली की समीक्षा में बताया गया कि जिले में पीडीएस दुकानों की कोई रिक्ति लंबित नहीं है. सभी जन वितरण प्रणाली की दुकानें नियमित रूप से संचालित हो रही हैं, जिससे लाभुकों को खाद्यान्न का निर्बाध वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है.
सीएमआर आपूर्ति में 98.73 प्रतिशत लक्ष्य पूरा
खरीफ विपणन मौसम 2025-26 के तहत जिले में 1,80,901.85 मीट्रिक टन धान की अधिप्राप्ति के विरुद्ध 1,22,941.18 मीट्रिक टन कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) आपूर्ति का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
इसके विरुद्ध अब तक 1,21,375.09 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति की जा चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 98.73 प्रतिशत है. केवल 1,566.09 मीट्रिक टन सीएमआर की आपूर्ति शेष है, जिसे शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया.
एसआईआर कार्य में 99 प्रतिशत प्रगति
बैठक में एसआईआर कार्य की भी समीक्षा की गई. औरंगाबाद जिले में सत्यापन के लिए उपलब्ध 14,271 अभिलेखों में से 3,802 अभिलेखों को सुरक्षित रखने के लिए चिन्हित किया गया है.
जिला प्रशासन ने 10,330 अभिलेखों का निष्पादन कर 99 प्रतिशत प्रगति दर्ज की, जिसकी मुख्य सचिव ने सराहना की.
लंबित कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड से संबंधित लंबित आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन और निष्पादन सुनिश्चित किया जाए. साथ ही जन वितरण प्रणाली का प्रभावी संचालन, सीएमआर की शत-प्रतिशत आपूर्ति तथा विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए.
उन्होंने नियमित अनुश्रवण करते हुए सभी निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में ये अधिकारी रहे मौजूद
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में औरंगाबाद से जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के साथ उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर गौरव सिंह, सिविल सर्जन डॉ. कृष्णा कुमार, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता रितेश कुमार यादव, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी कुमार पप्पू राज तथा संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
Also Read : बेगूसराय में गंगा स्नान के लिए जा रहे मां-बेटे की सड़क हादसे में मौत, सदमे में पिता ने भी तोड़ा दम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










