टीकाकर्मियों की हड़ताल से खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान प्रभावित
डॉ. अखिलेश कुमार
Aurangabad News : दाउदनगर में सात सूत्री मांगों को लेकर टीकाकर्मियों की हड़ताल से खुरपका-मुंहपका टीकाकरण अभियान प्रभावित, पशुपालकों की चिंता बढ़ी.
Aurangabad News : पशुपालन विभाग द्वारा संचालित खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) टीकाकरण अभियान के सातवें चरण पर टीकाकर्मियों की हड़ताल का असर साफ दिखाई देने लगा है. स्थानीय पशु टीकाकर्मियों ने अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर अभियान का पूर्ण बहिष्कार कर दिया है. मांगों की अनदेखी से नाराज टीकाकर्मियों ने प्रखंड अध्यक्ष धनराज सिंह के नेतृत्व में भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी, दाउदनगर को ज्ञापन सौंपते हुए टीकाकरण कार्य से अलग रहने की घोषणा की है.
सात सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन
टीकाकर्मियों ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में नियमित मासिक मानदेय का भुगतान, सेवा का स्थायीकरण, ऑनलाइन कार्य में ओटीपी की बाध्यता समाप्त करना, विभागीय बहाली में 80 प्रतिशत वेटेज, दुर्घटना बीमा का लाभ, बकाया राशि का अविलंब भुगतान तथा स्थायी पहचान पत्र और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराना शामिल है.
हड़ताल से अभियान की रफ्तार हुई धीमी
टीकाकर्मियों के कार्य बहिष्कार के कारण प्रखंड क्षेत्र में टीकाकरण अभियान की गति काफी धीमी पड़ गई है. भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि विभाग को पहले चरण में 40 हजार टीकों की खुराक उपलब्ध कराई गई है, जबकि पूरे प्रखंड में 67 हजार पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित है.
अब तक केवल 2,950 पशुओं का हुआ टीकाकरण
डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि 15 जुलाई से शुरू हुए अभियान के तहत पशुधन सहायक मो. जुहैर आलम तथा आउटसोर्सिंग कर्मी निलेश कुमार और मो. सरफराज आलम के माध्यम से प्रतिदिन करीब 150 पशुओं का टीकाकरण कराया जा रहा है. अब तक केवल 2,950 पशुओं को ही टीका लगाया जा सका है. टीकाकर्मियों के बहिष्कार के कारण निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप टीकाकरण नहीं हो पा रहा है.
पशुपालकों ने जल्द समाधान की मांग की
टीकाकरण अभियान की धीमी रफ्तार से पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है. उनका कहना है कि खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से पशुओं की सुरक्षा के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है. उन्होंने सरकार और विभाग से टीकाकर्मियों की मांगों का शीघ्र समाधान कर अभियान को सुचारु रूप से संचालित करने की मांग की है.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










