सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की बिजनेस मीट में एमएसएमई उद्यमियों को ऋण योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम का उद्घाटन करते अतिथि
Aurangabad News : औरंगाबाद में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच कार्यक्रम में उद्यमियों को ऋण योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई.
Aurangabad News : सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया एवं औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को स्थानीय होटल स्काई व्यू के सभागार में नेशनवाइड मेगा एमएसएमई क्रेडिट आउटरीच प्रोग्राम-2026 के तहत बिजनेस मीट का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में व्यापारी, उद्यमी, बैंक अधिकारी, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी तथा नए बैंक ग्राहकों ने भाग लिया.
अतिथियों ने किया कार्यक्रम का उद्घाटन
कार्यक्रम का उद्घाटन सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की क्षेत्रीय प्रबंधक आसू झा, सीतयोग यूनिवर्सिटी के सचिव डॉ. राजेश कुमार सिंह, औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन मुकेश कुमार गुप्ता तथा राकेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
व्यापारियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान बैंक अधिकारियों ने एमएसएमई उद्यमियों एवं व्यापारियों को विभिन्न ऋण योजनाओं, कम ब्याज दर, सरल ऋण प्रक्रिया, कार्यशील पूंजी, मशीनरी वित्त, व्यापार विस्तार, डिजिटल बैंकिंग तथा अन्य बैंकिंग सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी. साथ ही अधिक से अधिक व्यापारियों से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ने की अपील की.
एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ : क्षेत्रीय प्रबंधक
क्षेत्रीय प्रबंधक आसू झा ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापारियों का विकास भागीदार बनकर कार्य कर रहा है. उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और बैंक का उद्देश्य उद्यमियों को समय पर सरल एवं सुलभ वित्तीय सहायता उपलब्ध कराना है.
उद्योग, शिक्षा और बैंकिंग के समन्वय पर दिया गया जोर
सीतयोग यूनिवर्सिटी के सचिव डॉ. राजेश कुमार सिंह ने कहा कि उद्योग, शिक्षा और बैंकिंग के समन्वय से स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा. ऐसे कार्यक्रम नए उद्यमियों के लिए प्रेरणादायक साबित होंगे. वहीं, औरंगाबाद चैम्बर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन मुकेश कुमार गुप्ता ने कहा कि चैम्बर व्यापारियों और बैंकों के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाता रहेगा. उन्होंने व्यापारियों से सरकारी एवं बैंकिंग योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया. राकेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने कहा कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम व्यापारियों का बैंकिंग व्यवस्था पर विश्वास मजबूत करते हैं और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देते हैं.
ऋण स्वीकृति पत्र वितरित कर उद्यमियों का किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों एवं उद्यमियों से सुझाव भी लिए गए. बैंक अधिकारियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया. इस अवसर पर बैंक के नए ग्राहकों का स्वागत किया गया तथा जिन उद्यमियों के ऋण स्वीकृत हुए, उन्हें स्वीकृति प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया. अंत में सभी अतिथियों, व्यापारियों एवं उद्यमियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी व्यापार हितैषी कार्यक्रम आयोजित करने का संकल्प दोहराया गया.
Also Read : अपराध नियंत्रण को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, थानाध्यक्षों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










