कुटुंबा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा अंबा
तिरंगा यात्रा में शामिल प्रतिनिधि अधिकारी एवं कर्मचारी
Aurangabad News : अंबा में आजादी के अमृत महोत्सव पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई. स्कूली छात्रों और अधिकारियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया.
Aurangabad News : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मंगलवार को कुटुंबा प्रखंड मुख्यालय अंबा में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ आयोजित इस यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. कड़ी धूप के बावजूद लोगों में देशभक्ति का जज्बा देखते ही बन रहा था.
प्रखंड कार्यालय परिसर से निकली तिरंगा यात्रा
यात्रा का शुभारंभ प्रखंड कार्यालय परिसर से किया गया. तिरंगा यात्रा अंबा-औरंगाबाद रोड में उच्च विद्यालय तक, नवीनगर रोड में नाला के समीप तक तथा हरिहरगंज रोड में पीएनबी बैंक तक निकाली गयी. पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और अन्य देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा.
तिरंगा देश के गौरव और बलिदान का प्रतीक : ललन राम
कार्यक्रम में कुटुंबा विधायक ललन राम भी शामिल हुए. उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, बलिदान और एकता का प्रतीक है. उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया.
Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा
युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत करते हैं ऐसे आयोजन
प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि तिरंगा यात्रा देश के प्रति सम्मान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता का संदेश देती है. उन्होंने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है.
स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद कर राष्ट्र निर्माण में दें योगदान
बीडीओ प्रियांसु वसु ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज हम सभी को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है. स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद रखते हुए सभी को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए. उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों की सहभागिता कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता रही.
अधिकारी, कर्मी और छात्र-छात्राएं हुए शामिल
तिरंगा यात्रा में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष सह भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण कुमार, अंचल अधिकारी चंद्र प्रकाश, बीपीएम, बीईओ, जीविका के बीपीएम, विभिन्न विभागों के कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाएं तथा छात्र-छात्राएं शामिल हुए.
राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ संपन्न हुई यात्रा
पूरे कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा. तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया. लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को मजबूत करने के लिए अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया.
Also Read : नवादा में दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप, पति ने की दूसरी शादी; 9 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











