दाउदनगर में 97.1% धान की रोपनी पूरी, खाद की कालाबाजारी रोकने को कृषि कर्मियों को निगरानी का निर्देश

Updated:
विज्ञापन

बैठक में शामिल प्रखंड कृषि पदाधिकारी एवं अन्य

Aurangabad News : दाउदनगर प्रखंड में धान की रोपनी 97.1 प्रतिशत पूरी हो गई है. कृषि विभाग ने खाद की कालाबाजारी रोकने और सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं.

विज्ञापन

Aurangabad News : प्रखंड कृषि कार्यालय में कृषि विभाग की समीक्षात्मक बैठक प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में मुख्य रूप से धान की रोपनी की प्रगति, किसानों से जुड़ी कृषि योजनाओं, खाद की उपलब्धता एवं कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा मिट्टी जांच समेत कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कृषि कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए किसानों तक सरकारी योजनाओं का लाभ बेहतर तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया.

97.1 प्रतिशत धान की रोपनी पूरी

बैठक में धान की रोपनी की प्रखंडवार एवं पंचायतवार समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान बताया गया कि दाउदनगर प्रखंड में अब तक करीब 97.1 प्रतिशत धान की रोपनी पूरी हो चुकी है. इस वर्ष प्रखंड में करीब 12 हजार हेक्टेयर भूमि में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसके विरुद्ध 11,651.46 हेक्टेयर क्षेत्र में धान की रोपनी पूरी कर ली गई है. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने शेष क्षेत्र में भी रोपनी के कार्य की प्रगति पर लगातार नजर बनाए रखने का निर्देश दिया.

खाद की उपलब्धता और वितरण पर विशेष नजर

बैठक में खाद की उपलब्धता और वितरण को लेकर भी विशेष चर्चा हुई. कृषि कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने पंचायतों में लगातार भ्रमण करते रहें और खाद की बिक्री एवं वितरण की स्थिति की निगरानी करें. कहीं भी खाद की कालाबाजारी या अनियमितता की सूचना मिलने पर तत्काल इसकी जानकारी वरीय अधिकारियों को देने को कहा गया.

किसानों की समस्याओं के समाधान पर जोर

कृषि कर्मियों को किसानों से लगातार संपर्क बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने पर भी जोर दिया गया. प्रखंड कृषि पदाधिकारी ने कहा कि किसानों को कृषि योजनाओं से संबंधित जानकारी समय पर उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें.

मिट्टी के नमूनों की जांच कराने का निर्देश

बैठक में मिट्टी जांच को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए गए. कृषि कर्मियों द्वारा किसानों से एकत्रित किए गए मिट्टी के नमूनों को जिला मुख्यालय स्थित मिट्टी जांच केंद्र में जांच के लिए पहुंचाने को कहा गया. इससे किसानों को उनके खेत की मिट्टी की स्थिति के अनुसार उचित कृषि संबंधी सलाह उपलब्ध कराई जा सकेगी.

योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना प्राथमिकता

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार ने कहा कि सरकार द्वारा किसानों के हित में संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ पात्र किसानों तक पहुंचाना कृषि विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए कृषि कर्मियों को गांवों और पंचायतों में सक्रिय रहकर किसानों को योजनाओं की जानकारी देने और उन्हें इसका लाभ लेने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया.

ये कृषि कर्मी रहे मौजूद

बैठक में एटीएम महिमा कुमारी, अतुल कुमार, बीटीएम अमरनाथ कुमार, कृषि समन्वयक शैलेंद्र कुमार विरल, राजीव रंजन, राकेश रंजन तथा किसान सलाहकार चंदन कुमार, अमरेंद्र पांडेय, चितरंजन कुमार, संजीत कुमार, राजू कुमार, संतोष कुमार, योगेंद्र कुमार, अवध किशोर, प्रमोद मेहरा समेत अन्य कृषि कर्मी उपस्थित थे.

Also Read : सिरदला में निकली तिरंगा यात्रा, भारत माता की जय के नारों से गूंजा पूरा शहर, बही देशभक्ति की धारा


विज्ञापन
ओमप्रकाश

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन