विवाह बंधन में बंधे छह दिव्यांग जोड़े
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :31 Jan 2017 8:31 AM (IST)
विज्ञापन

औरंगाबाद कार्यालय : औरंगाबाद में दिव्यांगों को एक बड़ा सम्मान मिला है. छह जोड़े दिव्यांगों की हुई शादी में शिरकत करने के लिए जिला पदाधिकारी भी पहुंचे. समाजसेवियों की तो कतार लगी थी, हालांकि पूरे विवाह की रस्म लोजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद कुमार सिंह ने निभायी. बारात निकलने से लेकर कन्यादान तक और मान […]
विज्ञापन
औरंगाबाद कार्यालय : औरंगाबाद में दिव्यांगों को एक बड़ा सम्मान मिला है. छह जोड़े दिव्यांगों की हुई शादी में शिरकत करने के लिए जिला पदाधिकारी भी पहुंचे. समाजसेवियों की तो कतार लगी थी, हालांकि पूरे विवाह की रस्म लोजपा के वरिष्ठ नेता प्रमोद कुमार सिंह ने निभायी. बारात निकलने से लेकर कन्यादान तक और मान से लेकर सम्मान तक इन्होंने दिव्यांगों का दिया.
विवाह का कार्यक्रम वैसे तो सुबह से ही प्रारंभ हो चुका था, लेकिन 12 बज कर 30 मिनट पर दिव्यांगों की बारात निकली. छह दिव्यांग दूल्हा बन कर महाकाल मंदिर पर पहुंचे, वहां से इनकी गाजे-बाजे के साथ बारात निकली. आगे-आगे लोजपा के नेता प्रमोद सिंह और पीछे-पीछे बाराती चल रहे थे. जिस वक्त इनकी बारात निकली थी, सड़क के दोनों किनारे खड़े होकर लोग इसका आनंद उठा रहे थे. एक बजे के करीब इनकी बारात सदर अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंची. इधर, सदर अस्पताल प्रांगण में बड़ी संख्या में लोग खडे़े थे. जैसे ही विवाह स्थल के समीप बारात पहुंची, लोगों ने माला पहना कर बारातियों का स्वागत किया. इसके बाद सम्मान के साथ इन्हें भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रागंण में लाया गया.
इसी प्रागंण में एक भव्य व आकर्षक पंडाल बने थे. पंडाल के एक भाग में भव्य व आकर्षक मंच बना था. बारात में शामिल प्रमुख लोगों को मंच पर बैठाया गया और दूल्हे-दुल्हिन को मंच के आगे सफेद रंग के मलमली चादर पर बैठाया गया. इनके विवाह समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया. लोजपा नेता प्रमोद सिंह इस समारोह के मुख्य अतिथि भी थे. इन्हीं ने दीप प्रज्ज्वलित किया. इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विवाह की रस्म पूरी की गयी.
डीएम ने दी शुभकामना : डीएम ने अपने हाथों से विवाह बंधन का प्रमाणपत्र देते हुए कहा कि यह एक अच्छी पहल है. जीवन में अनेकों चुनौतियां आती हैं. इसमें एक साथी की आवश्यकता भी होती है. मुझे इस बात की खुशी है कि आज जिन दिव्यांगो की शादी हुई, वे एक-दूसरे के अनुपूरक बनेंगे और अच्छा जीवन व्यतीत करेंगे.
कन्यादान किया हूं, तो पिता की भूमिका भी निभाउंगा : दिव्यांग जोड़ों की शादी मेरे जीवन के लिए एक बहुत ही बेशकीमती उपलब्धि है. मैं एक पिता की तरह इन्हें अपना पुत्र और पुत्रवधू तो मानता ही हूं, बेटी के रूप में भी इन्हें सदा सम्मान दूंगा और जब भी ये मेरे आवश्यकता महसूस करेंगे, मैं इनके पास खड़ा दिखूंगा.
उपहारों से भरी दुल्हन की झोली : दिव्यांगों की शादी में अन्य शादियों की तरह उपहारों की बरसात हुई. हर दिव्यांग दुल्हन को उपहार के रूप मे किचेन का पूरा बर्तन, कीमती साड़ियां, जेवरात और अनेकों प्रकार की मिठाइयां देकर विदा किया गया. दिव्यांग दूल्हों को भी उपहार भेंट किया गया.
वैवाहिक गीतों से गुंजायमान रहा आयोजन स्थल
दिव्यांगों की शादी देखने के लिए शहर के भिन्न-भिन्न भागों से पहुंची महिलाओं ने दिल खोल कर विवाह में गाये जानेवाले गीत गाये और शादी का खुल कर आनंद उठाया. महिलाओं के द्वारा गाये जाने वाले मंगल गीतों से पूरा विवाह स्थल गुंजायमान हो उठा था. वर-वधू भी इससे प्रसन्नचित दिखे.
विवाह सूत्र में बंधे गया, अरवल व औरंगाबाद जिले के युवक-युवती
दिव्यांगों के सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान गया जिले के रामधनपुर लेन निवासी ओमप्रकाश के सुपुत्र राजेश कुमार की शादी गया जिले के ही नौरंगा निवासी विश्वनाथ साव की पुत्री गौरी कुमारी के साथ हुई. गया जिले के ही चांद चौरा घंटाघर गली निवासी भोलालाल के पुत्र गौतम कुमार की शादी गया के ही नई सड़क पंचमुहल्ला के अरुण लाल की बेटी पूजा कुमारी के साथ हुई.
अरवल जिले के सोनभद्र कोनी गांव निवासी स्वर्गीय सेठ राम के पुत्र गिरिजेश कुमार की शादी हसपुरा थाना के इटवां गांव निवासी स्वर्गीय शिवदहिन राम की पुत्री मीना कुमारी के साथ, रफीगंज थाना के चंद्रेहटा गांव निवासी यदुनंदन यादव के पुत्र धर्मेंद्र कुमार का शादी रफीगंज थाना के ही खडवा गांव निवासी नरेश यादव के पुत्री पूनम कुमारी के साथ, रफीगंज थाना के पोगर गांव निवासी जगदेव यादव के पुत्र गुड्डू कुमार की शादी रफीगंज के शिवानी खैरा के चंद्रेहान यादव के पुत्री रेखा कुमारी के साथ व नवीनगर थाना के बड़ेम निवासी विनय राम के पुत्र गुड्डू कुमार की शादी एनटीपीसी थाना के संतननगर निवासी कामदेव राम की पुत्री रूबी कुमारी के साथ करायी गयी. इस मौके पर वर-वधू के परिजन भी मौजूद थे.
‘एक हजार पेंशन दे सरकार’
दिव्यांगों के शादी समारोह में मुख्य भूमिका निभा रहे लोजपा नेता प्रमोद सिंह ने सरकार से दिव्यांगों के लिए कम से कम एक हजार रुपये पेंशन देने की मांग की है. आयोजन मंच से बोलते हुये इन्होंने कहा कि जो आम लोगों को चार सौ रुपये पेंशन दिये जाते हैं, वही राशि दिव्यांगों को भी दी जाती है. यह दिव्यांगों के साथ अन्याय है. दिव्यांगों को कम से कम एक हजार रुपया और नौकरी में दस प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए.
बिहार दिव्यांग संघ ने किया था आयोजन
छह जोडे दिव्यांगों की शादी का आयोजन बिहार दिव्यांग संघ ने किया था. विवाह स्थल पर संघ के सैकड़ों दिव्यांग उपस्थित थे. इसमें कई प्रदेश के भी पदाधिकारी थे, जिला स्तर के लोगों ने तो आयोजन ही किया था. दिव्यांग संघ ने वहां आये लोगों केा दिल खोल कर सम्मान भी किया. किसी को बुके दिया, तो किसी को माला पहना कर स्वागत किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




