90 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

Updated at : 08 Aug 2017 8:55 AM (IST)
विज्ञापन
90 हजार श्रद्धालुओं ने किया जलार्पण

दो किलोमीटर तक लगी पुरुष श्रद्धालुओं की कतार देवकुंड : सावन महीने की अंतिम सोमवारी को देवकुंड में बाबा दुधेश्वरनाथ का मंदिर हर-हर महादेव व बाबा दुधेश्वर नाथ की जयकारों से गूंज उठा. ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ महादेव के जलाभिषेक को लेकर मंदिरों में उमड़ पड़ी. शंखनाद व घंटों की आवाज से […]

विज्ञापन
दो किलोमीटर तक लगी पुरुष श्रद्धालुओं की कतार
देवकुंड : सावन महीने की अंतिम सोमवारी को देवकुंड में बाबा दुधेश्वरनाथ का मंदिर हर-हर महादेव व बाबा दुधेश्वर नाथ की जयकारों से गूंज उठा. ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की भीड़ महादेव के जलाभिषेक को लेकर मंदिरों में उमड़ पड़ी. शंखनाद व घंटों की आवाज से वातावरण भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सरकारी पूजा दो बजे रात में ही मठाधीश कन्हैयानंद पुरी द्वारा संपन्न कर ली गयी थी. सरकारी पूजा समाप्त होते ही बाबा के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए बच्चे, बूढ़े, नौजवान व महिलाओं का सुबह से शाम तक तांता लगा रहा.
115 किलोमीटर दूरी तय कर किया जलाभिषेक : सावन के अंतिम सोमवार को सैकड़ों कांवरियो ने देवकुंड स्थित बाबा दुधेश्वर नाथ पर जलाभिषेक किया. कांवरियों की टोली ने पटना स्थित गाय घाट से जल लेकर मसौढ़ी, जहानाबाद, किंजर, करपी होते हुए 115 किलोमीटर पैदल यात्रा कर दुधेश्वर नाथ को जलाभिषेक किया. कांवरिया करपी निवासी गुड़िया देवी, गजेंद्र कुमार, रामराज सिंह, पटना जिले के मुगिला निवासी मनोहर कुमार, शंकर साव, शशिराज, रोशन कुमार ने बताया कि गुरुवार को दोपहर एक बजे पटना गायघाट से जल लेकर वे लोग रवाना हुए. सोमवार को लगभग छह बजे 115 किलोमीटर दूरी तय कर बाबा दुधेश्वरनाथ पर जलाभिषेक किये. कांवरियों के लिए देवकुंड में मठाधीस कन्हैया नंद पुरी ने भोजन, जलपान, चाय, गर्म जल और ठहरने का उत्तम प्रबंध किये थे.
मेला संपन्न होने पर प्रशासन ने ली राहत की सांस : देवकुंड में सावन महीने में एक माह तक चलनेवाला मेला शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है. पूरे महीने कांवरियों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा की कमान देवकुंड थानाध्यक्ष पवन कुमार ने संभाल रखी थी.
जगह-जगह सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. देवकुंड थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि जिला पुलिस कप्तान द्वारा देवकुंड पर विशेष नजर रखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. यही वजह है कि एक माह तक मेले में किसी श्रद्धालु को परेशानी नहीं हुई. अंतिम सोमवार को एसआइ अरविंद कुमार, दिवाकर यादव, हसपुरा के एसआइ सुनील कुमार, गोह के एसआइ सुधीर कुमार सिन्हा, उपहारा के सतीश कुमार सहित कई अधिकारी सुरक्षा को लेकर तैनात दिखे.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन