औरंगाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली से मिसफायर, रिकवरी एजेंट को लगी गोली, मौके पर मौत

Updated:
विज्ञापन

रिकवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या

बिहार के औरंगाबाद में सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से रिकवरी एजेंट को गोली लग गई. घटना के बाद बैंक में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया. मामला रफीगंज के उचौली गांव के समीप इंडियन बैंक का है.

विज्ञापन

Aurangabad Crime News: (औरंगाबाद से सुजीत कुमार)बिहार के औरंगाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है. जहां सुबह सुबह सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से रिकवरी एजेंट को गोली लग गई. घटना रफीगंज के उचौली गांव के समीप इंडियन बैंक की है. बैंक के अंदर सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से मिसफायर हुई और गोली रिकवरी एजेंट को जा लगी.जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.

कैसे हुआ हादसा

मिली जानकारी अनुसार बैंक में ड्यूटी के दौरान सिक्योरिटी गार्ड की दोनाली बंदूक से अचानक गोली चल जाने से रिकवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारियों सहित ग्राहकों में दहशत फैल गई. मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के माधव खाप गांव निवासी राजेंद्र पासवान के रूप में की गई है. बताया जाता है कि वह बैंक में रिकवरी एजेंट के रूप में कार्यरत थे.

बंदूक से हुआ मिसफायर

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह बैंक खुलने के बाद सिक्योरिटी गार्ड अभय कुमार सिंह अपनी दोनाली बंदूक की सफाई कर रहा था. इसी दौरान अचानक बंदूक से मिसफायर हो गया और गोली पास में मौजूद राजेंद्र पासवान के पेट में जा लगी. गोली लगते ही बैंक परिसर में चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में बैंक के असिस्टेंट मैनेजर श्याम बिहारी प्रसाद समेत अन्य कर्मियों ने जिंदा समझकर राजेंद्र पासवान को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर पहुंचाया हालांकि ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजय कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

इधर, घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मैनेजर संजीत कुमार निराला तथा सिक्योरिटी गार्ड से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली. थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर छानबीन की जा रही है. वहीं बैंक मैनेजर संजीत कुमार निराला ने बताया कि सिक्योरिटी गार्ड पानी पीने के बाद जैसे ही बंदूक उठाया, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास में खड़े रिकवरी एजेंट को जा लगी.

जांच में जुटी पुलिस

प्रारंभिक तौर पर घटना को मिसफायर माना जा रहा है. इस हादसे के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. स्थानीय लोगों ने बैंक में सुरक्षा मानकों की जांच तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है. वैसे घटना के कारणों की अन्य तरह की भी चर्चा है. पुलिस तमाम बिंदुओं को खंगाल रही है.

Also Read: औरंगाबाद में डीएम-एसपी ने किया यातायात व्यवस्था का निरीक्षण, भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती

विज्ञापन
साक्षी कुमारी

लेखक के बारे में

By साक्षी कुमारी

साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन