भोजपुर : घर से ससुराल जाने निकला था युवक, दूसरे दिन मिला शव; हत्या समेत कई बिंदुओं पर जांच

परिजनों की तस्वीर | Prabhat Khabar Network
भोजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ससुराल जा रहे एक युवक का शव संदिग्ध हालत में मिला है. मृतक के शरीर पर मिले गहरे घाव हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं.
भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव से ससुराल जाने के लिए निकले युवक का शव दूसरे दिन बरामद हुआ. उसका शव चौरी थाना क्षेत्र के महावीर गंज स्थित सड़क किनारे से बरामद किया गया.
मृतक के सिर के पिछले हिस्से, चेहरे एवं गले के नीचे कटे होने के निशान पाए गए हैं. शव मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई.
सूचना पाकर चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
मजदूर था मृतक, चरपोखरी के मुकुंदपुर गांव का रहने वाला था युवक
जानकारी के अनुसार, मृतक चरपोखरी थाना क्षेत्र के मुकुंदपुर गांव निवासी स्व. ददन राम का 29 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र राम है. वह पेशे से मजदूर था.
इधर, मृतक के बड़े भाई संजय राम ने बताया कि जिस गांव में उसके भाई की ससुराल है, उसी गांव में उसके पट्टीदार की भी ससुराल है.
कुछ दिन पूर्व उसने अपने पट्टीदार की भैंस खोल दी थी, जिसको लेकर उसके द्वारा चोरी का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में उसके भाई के खिलाफ आवेदन भी दिया गया था. हालांकि, बाद में मामला शांत हो गया था.
सोमवार की सुबह वह चौरी थाना क्षेत्र के धनछुहां गांव अपनी ससुराल जाने के लिए निकला था. इसी बीच यह घटना घट गई.
मौत के कारणों का नहीं हुआ खुलासा, परिवार में मचा कोहराम
उसकी मौत कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन छानबीन कर रही है.
बताया जाता है कि मृतक अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था. उसके परिवार में मां राजकुमारी देवी, पत्नी धनवर्ती देवी, पुत्र मौसम तथा एक पुत्री ममता हैं.
इस घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी मां, पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










