आरा में चारू मजुमदार की 55वीं शहादत दिवस पर भाकपा (माले) ने दी श्रद्धांजलि, संघर्ष तेज करने का लिया संकल्प

भाकपा माले ने चारू मजुमदार की 55वीं शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और जनसंघर्ष को तेज करने का संकल्प लिया. शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग भी उठी.
भाकपा (माले) के संस्थापक एवं प्रथम महासचिव कॉमरेड चारू मजुमदार की 55वीं शहादत दिवस मंगलवार को आरा स्थित क्रांति पार्क में श्रद्धापूर्वक मनाई गई. इस अवसर पर पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा एक मिनट का मौन रखकर उनके योगदान को याद किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाकपा (माले) के नगर सचिव सुधीर सिंह ने कहा कि कॉमरेड चारू मजुमदार ने वास्तविक आजादी और लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने के उद्देश्य से भाकपा (माले) की स्थापना की थी.
उन्होंने कहा कि उनके क्रांतिकारी विचार आज भी जनसंघर्षों को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं. इस दौरान केंद्रीय कमेटी के दस्तावेज का पाठ किया गया तथा पार्टी के मूल सिद्धांत “जनता का स्वार्थ ही पार्टी का सिद्धांत है” के अनुरूप आम जनता को संगठित कर उनके हक एवं अधिकार की लड़ाई को तेज करने तथा कॉमरेड मजुमदार के अधूरे कार्यों को पूरा करने का संकल्प लिया गया.
कार्यक्रम में नक्सलबाड़ी आंदोलन के शहीदों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने की शपथ ली गई.
शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का लगाया आरोप
इस अवसर पर भाकपा (माले) के जिला कार्यालय सचिव दिलराज प्रितम ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं को लेकर देशभर में छात्रों द्वारा किए गए आंदोलनों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस और पानी की बौछार की गई. उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार की आवश्यकता बताते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने की मांग दोहराई.
उनका कहना था कि जब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार नहीं होगा, तब तक पेपर लीक जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति होती रहेगी.
कार्यक्रम में राज्य कमेटी सदस्य क्यामुद्दीन अंसारी, जिला कमेटी सदस्य शोभा मंडल, राजनाथ राम, दिलराज प्रितम, बालमुकुंद चौधरी, कलावती देवी, नगर कमेटी सदस्य हरिनाथ राम, मिलटन, संतविलास राम, बबलू गुप्ता, अनिल वर्मा, जसम के जितेंद्र जी, मिथिलेश, विजय, सरोज, दीपक कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Also Read : गया जी : रेलवे की पार्सल सेवा से अब देशभर में भेजें फल-सब्जियां, व्यापारियों को दी गई जानकारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










