पूर्व के विवाद में धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या

Published by :DEVENDRA DUBEY
Published at :08 May 2026 10:26 PM (IST)
विज्ञापन
पूर्व के विवाद में धारदार हथियार से अधेड़ की हत्या

चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव में गुरुवार की देर रात हुई घटना

विज्ञापन

आरा.

चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव में गुरुवार की देर रात पूर्व के विवाद में धारदार हथियार से एक अधेड़ की हत्या कर दी गयी. मृतक के सिर के बीच कटे हुए का निशान पाया गया. घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गयी. सूचना मिलते ही चौरी थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन शुरू कर दी है. जानकारी के अनुसार मृतक चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव वार्ड नंबर-11 निवासी राम नरेश शर्मा के 45 वर्षीय पुत्र शंकर शर्मा है. वह गांव में ही अपना किराना दुकान भी चलाते थे. इधर, मृतक के भाई चांद देव शर्मा ने बताया कि उन्होंने गांव में कुछ लोगों से सौ-पचास कर के कुल दो सौ रुपये उधार लिया थे, जिसको लेकर गुरुवार की शाम करीब साढ़े छह बजे झगड़ा भी हुआ था. उसके बाद दोनों पक्षों को पंचायती कर सुलह भी कर दिया गया था और बात खत्म हो गयी थी. इसके बाद वह खाना खाकर सोने चले गये. उनके मोबाइल पर किसी ने काॅल किया. मध्य रात्रि करीब दो बजे जब घर के लोग बाहर चापाकल पर पानी पीने गये, तो देखा कि वह खून से लतपथ मृत अवस्था में पड़े हैं. हो-हल्ला सुनकर परिवारवालों की नींद खुली. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. वहीं दूसरी तरफ मृतक के भाई चांददेव शर्मा ने गांव में अपने भाई के किसी भी व्यक्ति से किसी भी प्रकार की दुश्मनी एवं विवाद की बातों से साफ इंकार किया है. साथ ही उसने किसी भी व्यक्ति पर किसी प्रकार का कोई आशंका या आरोप नहीं लगाया है. वहीं, संबंध में चौरी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से एफएसएल की टीम ने साक्ष्य इकट्ठा किया. उन्होंने बताया कि इस संबंध में मृतक के पिता राम नरेश शर्मा के द्वारा दुल्लमचक गांव निवासी अशोक शर्मा एवं उनके पुत्र अनिल शर्मा के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है. दर्ज प्राथमिकी में उनके द्वारा बताया गया है कि उन दोनों से पूर्व से जमीन विवाद एवं एक वर्ष पूर्व मृतक की भतीजी को आरोपित का भतीजा लेकर भाग गया था, जिसे लेकर उन लोगों से विवाद चल रहा था. इस विवाद के कारण हत्या को अंजाम देने की बात कही है. पुलिस ने पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया गया और पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है. बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी उर्मिला देवी, दो पुत्र अंकित, अभिषेक एवं एक पुत्री अंशु है. घटना के बाद मृतक के घर में रोना-धोना मच गया. उसकी पत्नी उर्मिला देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

विज्ञापन
DEVENDRA DUBEY

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

DEVENDRA DUBEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन