खेत में बकरी चराने के विवाद में बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या

Updated:
विज्ञापन

मृतक के बेटे के बयान पर पिता-पुत्र समेत तीन नामजद व एक अज्ञात पर प्राथमिकी

विज्ञापन

आरा.

संदेश थाना क्षेत्र के संदेश गांव में मंगलवार की देर शाम खेत में बकरी चराने के विवाद को लेकर एक बुजुर्ग की लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. मृतक के सीने पर दो जगह एवं बाएं कंधे पर खून लगा जख्म का निशान पाया गया. वहीं परिजन द्वारा गांव के ही लोगों पर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया जा रहा है. घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गयी. सूचना मिलते ही संदेश थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया. जानकारी के अनुसार मृतक संदेश थाना क्षेत्र के संदेश गांव निवासी स्व. छोटन चौधरी के 60 वर्षीय पुत्र नारद चौधरी हैं, जो एक किसान थे. बताया जाता है कि गांव के ही गबुदन बहेलिया की बकरी नारद चौधरी के खेत में प्रतिदिन घुसकर सब्जी खा जाती थी. जिसे लेकर वह बराबर गबुदन बहेलिया को इसकी शिकायत भी करता था. मंगलवार की शाम भी पुनः उसकी बकरी नारद चौधरी के खेत में जाकर सब्जी खा रही थी. तभी नारद चौधरी द्वारा डंडे से बकरी के पैर पर मार दिया, जिससे बकरी का पैर टूट गया. इसके बाद गुस्से में आकर गबुदन बहेलिया ने अपने बेटे के साथ मिलकर लाठी-डंडों से नारद चौधरी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. इस संबंध में संदेश थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में मृतक के बेटे विनोद चौधरी द्वारा संदेश गांव निवासी गुबदन बहेलिया, उसके पुत्र अर्जुन बहेलिया एवं पुत्री सहित तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. प्राथमिकी दर्ज उपरांत त्वरित कार्रवाई कर आरोपित गबुदन बहेलिया एवं उसके पुत्र अर्जुन बहेलिया को गिरफ्तार कर लिया गया है एवं अन्य की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. उसकी पत्नी फूलतुझिया देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं इस घटना के बाद कुछ देर के लिए आक्रोशित लोगों ने संदेश बाजार के पास सड़क को जाम कर दिया था.

विज्ञापन
Devendra Dubey

लेखक के बारे में

By Devendra Dubey

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन