राजस्व कर्मी के बेटे को पिस्टल के बल पर धमकी देने में सीओ और चालक पर केस
Published by :DEVENDRA DUBEY
Published at :05 May 2026 10:08 PM (IST)
विज्ञापन

राजस्व कर्मी की पत्नी के बयान पर नवादा थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी
विज्ञापन
आरा.
सदर अंचल कार्यालय के पुराने परिसर में गाड़ी लगाने के विवाद में राजस्व कर्मी के बेटे को पिस्टल के बल धमकाने में बड़हरा के सीओ बूरे फंस गये हैं. सदर अंचल राजस्व कर्मी विष्णु देव सिंह की पत्नी संगीता सिंह के बयान पर सीओ और उनके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है. इधर, धमकी देने में इस्तेमाल पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है. उस आधार पर पुलिस ने सीओ के निजी चालक शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस के अनुसार वह बड़हरा थाना क्षेत्र के श्रीपालपुर गांव निवासी स्व अर्जुन प्रसाद का पुत्र है. मूल रूप से जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी राजस्व कर्मी बिष्णु देव सिंह की पत्नी की ओर से दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि फिलहाल वह अपने परिवार के साथ आरा के ब्लॉक रोड के आदर्श कॉलोनी में रहती हैं. सोमवार की शाम उनका पुत्र सिद्धार्थ कुमार चार चक्का गाड़ी लगाने चालक के साथ पुराने ब्लॉक कैंपस गया था. वहां बड़हरा के सीओ और उनके निजी चालक द्वारा देसी पिस्टल सटा कर उनके बेटे को धमकी दी गयी. कहा गया कि भाग जाओ नहीं, तो जान से मार देंगे. तब उनके द्वारा नवादा थाने को सूचना दी गयी. इधर, सदर एसडीपीओ वन राजकुमार साह ने बताया कि सोमवार की शाम थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि सदर अंचल कार्यालय के पास एक साइबर कैफे में अवैध हथियार के साथ कुछ लोग बैठे हैं. उस आधार पर थाने के दो अधिकारी पुलिस बल के साथ साइबर कैफे पहुंचे. तलाशी के दौरान कैफे एक देसी पिस्टल बरामद किया गया. उसके बाद मौके पर मौजूद बड़हरा अंचल के सीओ, उनके निजी चालक, कैफे संचालक और एक स्टाफ को पूछताछ के लिए थाने लाया गया. पूछताछ के क्रम में सीओ के चालक की भूमिका संदिग्ध पायी गयी. बाद में राजस्व कर्मी अपनी पत्नी के साथ पहुंचे और शिकायत दर्ज करायी गयी कि ब्लॉक कैंपस में गाड़ी लगाने को लेकर उनके बेटे एवं सीओ के चालक के बीच विवाद हुआ. उसी क्रम में सीओ के चालक द्वारा हथियार दिखाकर उनके बेटे को धमकी दी गयी थी. इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया गया. उसे जेल भेजा जा रहा है. अनुसंधान के क्रम में अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










