प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत, परिजनों ने इलाज में लापरवाही का लगाया आरोप

Published by : DEVENDRA DUBEY Updated At : 14 May 2025 6:22 PM

विज्ञापन

महिला चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने का लगाया आरोप

विज्ञापन

आरा.

सिन्हा थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव स्थित एडिशनल पीएचसी में बुधवार की सुबह प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत हो गयी. इसके बाद परिजनों का गुस्सा भड़क उठा. परिजन द्वारा एडिशनल पीएचसी में जमकर हंगामा किया गया. हंगामा को लेकर लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची.

वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों एवं अन्य लोगों द्वारा समझा बूझकर परिजनों को शांत कराया गया. जानकारी के अनुसार मृतका सिन्हा थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी नरेश कुमार की 24 वर्षीया पत्नी प्रमिला देवी है. इधर, मृतका की चचेरी ननद यशोदा देवी ने बताया कि वह गर्भवती थी. बुधवार की सुबह उसे तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए गजियापुर गांव स्थित एडिशनल पीएससी ले जाया गया. वहां पर मौजूद महिला चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ द्वारा उसे देखा गया और कहा गया कि इसे तुरंत प्रसव होने वाला है. अंदर लेकर चलो. इसके बाद उसे नर्सिंग स्टाफ द्वारा बेड पर लेटा दिया गया. प्रसव के दौरान खींचातानी की जाने लगी. तभी उसका दर्द बढ़ गया और उसकी हालत काफी बिगड़ गयी. इसके बाद उनके द्वारा इंजेक्शन भी दिया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. इसके बाद परिजन उसे वहां से वापस सदर अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. बावजूद इसके परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उसे सदर अस्पताल के लेबर वार्ड लेकर आये, जहां महिला चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद परिजन अपनी स्वेच्छा से शव का बिना पोस्टमार्टम कराये ही वापस गांव ले गये. वहीं, दूसरी तरफ मृतका की चचेरी ननद यशोदा देवी ने गजियापुर एडिशनल पीएससी में मौजूद महिला चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ पर प्रसव के दौरान खींचातानी करने व लापरवाही बरतने के कारण मौत होने का आरोप लगाया है. बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है. बताया जाता है की प्रमिला की शादी आठ वर्ष पूर्व हुई थी. उसे एक पुत्र अंकित एवं एक पुत्री निशा है. घटना के बाद मृतका के घर में हाहाकार मच गया है. उसके परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
DEVENDRA DUBEY

लेखक के बारे में

By DEVENDRA DUBEY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन