आरा रेलवे स्टेशन पर चार शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल और सोने-चांदी के लॉकेट बरामद
आरा जंक्शन की फाइल फोटो
आरा रेलवे स्टेशन पर रेल यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे अभियान के तहत चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया गया है. पकड़े गए आरोपियों के पास से चोरी के मोबाइल फोन, सोने-चांदी के लॉकेट सहित अन्य सामान बरामद हुए हैं. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
Arrah Railway Station Theft : रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे स्टेशन परिसर में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे संयुक्त अभियान के तहत रेल थाना आरा एवं आरपीएफ पोस्ट आरा की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी के तीन मोबाइल फोन, चार चांदी के लॉकेट, एक सोने का लॉकेट तथा एक ब्लेड बरामद किया गया है. सभी आरोपियों के विरुद्ध रेल थाना आरा में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
संदिग्ध अवस्था में पकड़े गए चारों आरोपी
जानकारी के अनुसार, रेल थाना आरा के थानाध्यक्ष रणधीर कुमार एवं आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन परिसर में संयुक्त गश्त एवं सघन जांच अभियान चलाया जा रहा था.
इसी दौरान आरा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 2/3 के पूर्वी छोर पर चार संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई. संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर गहन पूछताछ की गई, जिसमें चारों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कार्य करते हुए रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में यात्रियों के सामान और कीमती वस्तुओं की चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे.
बरामदगी और आगे की कानूनी कार्रवाई
तलाशी के दौरान नया भोजपुर, जिला बक्सर निवासी इरशाद उर्फ इशरार खान के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद हुआ. पुलिस के अनुसार, वह पूर्व में भी रेल यात्रियों से चोरी के तीन मामलों में जेल जा चुका है.
वहीं, सहार तेलपा, थाना करपी, जिला अरवल निवासी गुड्डू कुमार के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया. इसके अलावा, मौलाबाग वार्ड संख्या-13, जिला भोजपुर निवासी शिवा कुमार के कब्जे से चार चांदी के लॉकेट, एक सोने का लॉकेट तथा एक ब्लेड बरामद हुआ, जबकि ग्राम कुसमाही, थाना चरपोखरी, जिला भोजपुर निवासी अंकुर कुमार के पास से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया गया.
रेल पुलिस के अनुसार, बरामद सामान के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा किया जा सके. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार चारों आरोपी संगठित तरीके से रेलवे स्टेशन एवं ट्रेनों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे.
Also Read : गया जी के विष्णुपद मंदिर समेत 60 स्थानों का फायर ऑडिट, 40 भवनों में मिली अग्नि सुरक्षा की कमी
रेल थाना आरा एवं आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि रेल यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराधियों के विरुद्ध संयुक्त अभियान आगे भी लगातार प्रभावी ढंग से जारी रहेगा, ताकि यात्रियों को सुरक्षित यात्रा का माहौल उपलब्ध कराया जा सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










