भोजपुर : छेर नदी की उफनती धारा के आगे बेबस हुआ शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड का डायवर्सन, वाहनों का परिचालन ठप

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

छेर नदी की उफनती धारा ने एक बार फिर शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड के डायवर्सन को बेबस कर दिया है. नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है, जिससे छात्रों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ग्रामीण स्थायी पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

Chher River Water Level : तीन राष्ट्रीय राजमार्गों को आपस में जोड़ने वाला महत्वपूर्ण शाहपुर-बनाही स्टेशन रोड एक बार फिर छेर नदी की उफनती धारा के आगे बेबस नजर आने लगा है. रुद्रनगर गांव के समीप बनाए गए अस्थायी डायवर्सन पर गुरुवार को करीब दो फीट पानी चढ़ जाने से आवागमन खतरे में पड़ गया है.

नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से आशंका जताई जा रही है, जिससे शाम तक इस मार्ग पर पैदल आवाजाही भी पूरी तरह बंद हो सकती है. फिलहाल जान जोखिम में डालकर स्कूली बच्चे पानी पार कर विद्यालय पहुंच रहे हैं, जबकि टेंपो समेत अन्य छोटे-बड़े वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप हो चुका है.

Also Read : आरा में हजारों मवेशियों पर मंडरा रहा बरसाती बीमारियों का खतरा, टीकाकरण नहीं होने से पशुपालक चिंतित

ग्रामीणों का कहना है कि तेज बहाव के कारण डायवर्सन पर पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे कभी भी संपर्क टूट सकता है.

छात्रों और आम नागरिकों की बढ़ें मुश्किलें

इस डायवर्सन के दक्षिण की तरफ के गांवों से प्रत्येक दिन हजारों की संख्या में लोग शाहपुर आते हैं, जिनमें पढ़ने वाले छात्र व छात्राओं की संख्या सबसे अधिक है. इसके साथ ही सैकड़ों लोग इलाज व बाजार में अपने जरूरत के सामानों को खरीदने के लिए आते हैं.

ग्रामीण कृष्णाकांत सिंह और मुन्ना तिवारी ने बताया कि अब इस सड़क से गुजरना खतरे से खाली नहीं है. एक सप्ताह पहले भी छेर नदी के तेज बहाव में यही डायवर्सन पूरी तरह बह गया था.

Also Read : आरा में स्कूल वैन हादसा, प्री-प्राइमरी के मासूमों से भरी वैन को ट्रक ने मारी टक्कर, कई बच्चे घायल

इसके बाद ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं ने सैकड़ों ट्रॉली ईंट के टुकड़े, रोड़े और ह्यूम पाइप डालकर कड़ी मशक्कत के बाद अस्थायी डायवर्सन तैयार किया था. इसके बावजूद करीब 12 दिनों तक इस महत्वपूर्ण सड़क पर यातायात पूरी तरह बंद रहा.

सड़क का महत्व और ग्रामीणों की मांग

यह सड़क शाहपुर को बनाही स्टेशन के रास्ते राष्ट्रीय राजमार्ग-922, राष्ट्रीय राजमार्ग-84 तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से जोड़ती है. ऐसे में मार्ग बाधित होने से आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों, छात्रों, किसानों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र स्थायी पुल निर्माण और तत्काल वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था करने की मांग की है.

वहीं, छेर नदी का जलस्तर जिस तेजी से बढ़ रहा है, उससे अगले कुछ घंटों में इस मार्ग का संपर्क पूरी तरह टूटने की आशंका गहरा गई है.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन