आरा में प्रेम-प्रसंग को लेकर इंटर के छात्र को मारी गोली, दो साल पहले हुए ब्रेकअप के विवाद में वारदात

Published by : Aditya Kumar Ravi Updated At : 01 Jun 2026 9:53 PM

विज्ञापन

घायल को अस्पताल ले जाते लोग

Arrah News: भोजपुर जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र के कुल्हड़िया स्टेशन के पास सोमवार देर शाम धन्डीहा गांव निवासी 16 वर्षीय इंटर के छात्र दिनेश कुमार को गोली मार दी गई. जख्मी किशोर को गंभीर हालत में आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दिनेश ने अपनी पूर्व प्रेमिका के पिता करीमन पांडेय और उसके भाई पर पुरानी रंजिश व प्रेम-प्रसंग के विवाद में कई राउंड फायरिंग करने और गोली मारने का आरोप लगाया है. पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की गहन छानबीन कर रही है.

विज्ञापन

Arrah News (वसीम): भोजपुर (आरा) जिले के कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत कुल्हड़िया स्टेशन नर्सरी रोड चबूतरा के समीप सोमवार की देर शाम प्रेम-प्रसंग के विवाद को लेकर एक किशोर को गोली मार दी गई. गोली किशोर के दाहिने साइड कमर में लगी है, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों द्वारा आनन-फानन में गंभीर रूप से जख्मी किशोर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां आपातकालीन वार्ड में उसका इलाज चल रहा है.

इंटर का छात्र है जख्मी दिनेश, धन्डीहा गांव में मची सनसनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जख्मी किशोर की पहचान कोईलवर थाना क्षेत्र के धन्डीहा गांव (वार्ड नंबर 4) निवासी देव किशोर यादव के 16 वर्षीय पुत्र दिनेश कुमार के रूप में की गई है. दिनेश इंटरमीडिएट (12वीं) का छात्र है. सोमवार की देर शाम सरेराह हुई इस फायरिंग की घटना के बाद धन्डीहा गांव और कुल्हड़िया स्टेशन के आसपास के इलाकों में सनसनी फैल गई है. वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय कोईलवर थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल और बाद में सदर अस्पताल पहुंचकर मामले की छानबीन में जुट गई है.

स्कूल टाइम का था प्रेम-प्रसंग, दो साल पहले हो चुका था ब्रेकअप

सदर अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी छात्र दिनेश कुमार ने घटना की इनसाइड स्टोरी बताई. उसने बताया कि गांव के ही करीमन पांडेय की बेटी से उसका स्कूल के समय (वर्ष 2023) से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. हालांकि, पिछले दो साल से दोनों का ब्रेकअप हो गया था और उसने लड़की से बातचीत करना पूरी तरह बंद कर दिया था. दिनेश के मुताबिक, इस पुराने मामले को लेकर लड़की के परिजनों द्वारा पूर्व में उसके खिलाफ प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई थी और उसे जान से मारने की लगातार धमकियां दी जा रही थीं.

समोसा खाकर लौट रहा था घर, घात लगाए बैठे पिता-पुत्र ने किया हमला

पीड़ित छात्र ने बताया कि सोमवार की देर शाम वह कुल्हड़िया स्टेशन स्थित एक दुकान से समोसा खाकर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान नर्सरी रोड चबूतरा के पास पहले से घात लगाए बैठे लड़की के पिता करीमन पांडेय और उनका बेटा अचानक वहां आ धमके. दोनों ने दिनेश को देखते ही उस पर कट्टे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई, जिसमें से एक गोली दिनेश के कमर के दाहिने हिस्से में जा लगी. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जख्मी किशोर के बयान के आधार पर नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है और मामले की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जा रही है.

Also Read: बिहार में बालू-पत्थर के धंधेबाजों पर कड़ा शिकंजा: 10 जून से दूसरे राज्यों की गाड़ियों के लिए ट्रांजिट पास जरूरी

विज्ञापन
Aditya Kumar Ravi

लेखक के बारे में

By Aditya Kumar Ravi

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन