कोईलवर में बीडीओ ने की आवास योजना की समीक्षा बैठक, कहा- शिकायत मिली तो होगी सीधी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
Arrah news

समीक्षा बैठक करते बीडीओ

Arrah News: भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड कार्यालय में बीडीओ की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक हुई. बीडीओ ने सख्त लहजे में कहा कि यदि किसी लाभुक से रिश्वत या वसूली की शिकायत मिली, तो संबंधित आवास सहायक पर सीधी कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन

Arrah News: (दीपक की रिपोर्ट) प्रखंड परिसर स्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और मुख्यमंत्री आवास योजना की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. इस बैठक की अध्यक्षता बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने की. बैठक में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के आवास सहायक, आवास पर्यवेक्षक और पंचायत सचिव मुख्य रूप से मौजूद रहे.

बैठक के दौरान बीडीओ ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए निर्धारित लक्ष्यों की पंचायतवार गहन समीक्षा की. उन्होंने अब तक स्वीकृत, पूर्ण और लंबित पड़े आवासों की स्थिति जानी. इसके बाद बीडीओ ने कर्मियों को निर्देश दिया कि अधूरे आवासों की जियो टैगिंग का काम जल्द से जल्द पूरा किया जाए. साथ ही जिन लाभुकों ने पहली या दूसरी किस्त मिलने के बाद भी काम रोक रखा है, उनसे संपर्क कर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया. आवास सहायकों को निर्देशित किया गया कि पात्र लाभुकों की अगली किस्त का भुगतान समय पर कराया जाए, ताकि बारिश का मौसम शुरू होने से पहले मकानों की छत का काम पूरा हो सके.

शिकायत पर होगी कार्रवाई, भ्रष्टाचार पर सख्त रुख

समीक्षा बैठक के दौरान बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने कर्मियों को सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि ग्रामीण आवास योजनाओं में पूरी पारदर्शिता बरती जाए. यदि किसी भी लाभुक से योजना का लाभ देने के एवज में वसूली या रिश्वत लेने की शिकायत मिलती है, तो संबंधित आवास सहायक को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सीधे कानूनी व विभागीय कार्रवाई की जाएगी.

15 जून तक लिंटल लेवल तक काम करें पूरा

बैठक के अंत में बीडीओ ने आगामी 15 जून तक सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य कम से कम लिंटल लेवल तक अनिवार्य रूप से पूरा कराने का लक्ष्य दिया. इससे लाभुकों को शेष किस्तों का भुगतान जल्द से जल्द किया जा सकेगा. उन्होंने आवास सहायकों को यह भी निर्देश दिया कि जिन लाभुकों को अंतिम किस्त का भुगतान किया जा चुका है, उनके आवासों का भौतिक सत्यापन करें और आवास पूर्ण होने का प्रमाण पत्र विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करना सुनिश्चित करें.

लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी कार्रवाई

इस संबंध में बीडीओ वीर बहादुर पाठक ने स्पष्ट रूप से कहा कि आवास योजना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है. इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ढिलाई बरतने वाले कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई तय है. बैठक के दौरान आवास सहायकों ने क्षेत्र में काम करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं को भी बीडीओ के सामने रखा, जिसके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया.

ALSO READ: रिशु श्री केस में बड़ा खुलासा, बढ़े हुए बिलों से फिक्स होता था 10% कमीशन, ईडी जांच में रोज खुल रहे नए राज

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

Loading Review Hub...

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन