हरियाणा से बिहार लाई जा रही थी 11 हजार लीटर शराब की खेप, आरा में ट्रक समेत दो तस्कर गिरफ्तार
Published by : Nikhil Anurag Updated At : 12 Jun 2026 3:40 PM
शराब के साथ गिरफ्तार आरोपी
Arrah News: भोजपुर में मद्यनिषेध विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 11,205.60 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है. महुली ओवरब्रिज के पास हुई छापेमारी में हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार किए गए. जब्त शराब की कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये आंकी गई है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Arrah News: (आशुतोष पाण्डेय की रिपोर्ट) भोजपुर जिले में मद्यनिषेध विभाग ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 11 हजार लीटर से अधिक अवैध विदेशी शराब बरामद की है. इस कार्रवाई में हरियाणा के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. बरामद शराब की अनुमानित बाजार कीमत करीब 1.35 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
गुप्त सूचना पर की गई घेराबंदी
जिला प्रशासन के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी दौरान सहायक आयुक्त मद्यनिषेध को सूचना मिली कि हरियाणा से भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है. सूचना के आधार पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग भोजपुर तथा राज्य नियंत्रण ब्यूरो, पटना की संयुक्त टीम ने मोहनीयां-आरा फोरलेन स्थित महुली ओवरब्रिज के समीप विशेष जांच अभियान शुरू किया.
ट्रक की तलाशी में खुला बड़ा राज
वाहन जांच के दौरान PB10JP-9177 नंबर के महिंद्रा ब्लाजो ट्रक को रोककर तलाशी ली गई. जांच में ट्रक के भीतर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब में इम्पीरियल ब्लू व्हिस्की, रॉयल चैलेंज व्हिस्की और किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रॉन्ग बीयर शामिल हैं.
62 हजार से अधिक बोतल और कैन बरामद
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 62,040 बोतल और कैन बरामद किए गए. इनकी कुल मात्रा 11,205.60 लीटर है. विभाग का कहना है कि बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 35 लाख रुपये है.
हरियाणा के दो तस्कर गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान हरियाणा के करनाल निवासी अमनदीप सिंह और कुरुक्षेत्र निवासी गुरजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया. दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
शराब तस्करी के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों ने कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं. अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read: बिहार के डिप्टी सीएम को धमकी देने के मामले में नया खुलासा, पुलिस को मिला अहम सबूत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Nikhil Anurag
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर पलायन कर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










