आरा में समाहरणालय बना बाइक चोरों का 'सेफ जोन', एक हफ्ते में उड़ी 6 मोटरसाइकिलें, कर्मियों में आक्रोश

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 03 Jun 2026 7:41 PM

विज्ञापन

भोजपुर समाहरणालय, आरा

Arrah News: भोजपुर जिले का सबसे मुख्य प्रशासनिक केंद्र यानी समाहरणालय इन दिनों बाइक चोरों का सबसे आसान और सुरक्षित ठिकाना बन गया है. कड़े सुरक्षा दावों के बीच पिछले एक सप्ताह के भीतर समाहरणालय परिसर के अंदर से 6 बाइकों की चोरी हो चुकी है. सीसीटीवी कैमरा होने के बावजूद अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं.

विज्ञापन

Arrah News:(नरेन्द्र प्रसाद सिंह की रिपोर्ट) जिले के सर्वोच्च प्रशासनिक अधिकारियों का मुख्य कार्यालय यानी आरा समाहरणालय परिसर इन दिनों वाहन चोर गिरोह के लिए ‘सॉफ्ट टारगेट’ और सबसे सुरक्षित पॉइंट बन गया है. कलेक्ट्रेट परिसर में जहाँ चौबीसों घंटे सुरक्षाकर्मी और अधिकारियों की आवाजाही रहती है, वहाँ दिनदहाड़े गाड़ियों का गायब होना पुलिस और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है. स्थिति यह है कि समाहरणालय के मुख्य द्वारों और दीवारों पर सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद शातिर चोर बिना किसी खौफ के वारदातों को अंजाम देकर रफूचक्कर हो रहे हैं.

आम लोग तो दूर, कलेक्ट्रेट के कर्मचारी भी बन रहे चोरों का शिकार

इस गिरोह के निशाने पर सिर्फ अपनी फरियाद या काम लेकर दूर-दराज से आने वाले जिले के आम नागरिक ही नहीं हैं, बल्कि समाहरणालय में दिन-रात सेवा देने वाले सरकारी कर्मचारी भी अब इस गिरोह के आसान शिकार बन रहे हैं.

ताजा मामला दो दिन पहले का है, जहाँ कलेक्ट्रेट में कार्यरत एक कर्मचारी ने अपनी गाढ़ी कमाई से एक नई चमचमाती मोटरसाइकिल खरीदी थी. कलेक्ट्रेट आने के ठीक दो दिन बाद ही चोरों ने परिसर के अंदर से ही उसकी नई बाइक पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित कर्मचारी ने जब इसकी खोजबीन की, तो गाड़ी का कहीं पता नहीं चला.

एक सप्ताह के भीतर 6 बाइकें पार, सीसीटीवी में कैद हैं फुटेज

स्थानीय सूत्रों और पीड़ितों से मिली जानकारी के अनुसार, समाहरणालय परिसर के भीतर का आलम बेहद चिंताजनक हो चुका है. पिछले महज एक सप्ताह के भीतर कलेक्ट्रेट कैंपस के अंदर से 6 मोटरसाइकिलों की चोरी हो चुकी है. परिसर के बाहर लगभग इतनी ही संख्या में बाइकें समाहरणालय के मुख्य गेट और बाहरी सड़कों के किनारे से भी चोरी की गई हैं.

हैरानी की बात यह है कि ये सारी चोरी की घटनाएं समाहरणालय में लगे सीसीटीवी कैमरों में साफ तौर पर कैद हो चुकी हैं. चोरों की तस्वीरें और उनका हुलिया फुटेज में दिखने के बावजूद, स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक इस मामले में कोई ठोस वैज्ञानिक जांच या चोरों की धरपकड़ के लिए सख्त कार्रवाई नहीं की गई है. पुलिस की इस सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर कलेक्ट्रेट कर्मियों और स्थानीय नगर वासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब कलेक्ट्रेट की सुरक्षा बढ़ाने और पार्किंग जोन को सुरक्षित करने की मांग की है.

पटना में कोचिंग बवाल के बाद सरकार एक्शन में, नकेल कसने की तैयारी, मिथिलेश तिवारी ने किया ऐलान

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन