आरा में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक युवक की मौत, मुंडन समारोह में जा रहा था मृतक

Author Ajay kumar
Updated:
विज्ञापन

बिहार के भोजपुर जिले (आरा) में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आरा-सलेमपुर मार्ग पर धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई

विज्ञापन

आरा.

बिहार के भोजपुर जिले (आरा) में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. आरा-सलेमपुर मार्ग पर धोबहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा मामूली रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर काफी अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मुंडन समारोह में शामिल होने जा रहा था युवक

मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बेलघाट गांव (वार्ड नंबर 4) निवासी हरेंद्र प्रसाद के 34 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार उर्फ भुअर के रूप में हुई है. मृतक के छोटे भाई रितेश कुमार ने बताया कि पड़ोस के श्रीभगवान यादव के परिवार में मुंडन का कार्यक्रम था. राकेश उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाइक से महुली घाट जा रहा था. इसी दौरान सलेमपुर पेट्रोल पंप के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अन्य बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई.

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में तोड़ा दम

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राकेश गंभीर रूप से घायल हो गया. परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया. अस्पताल पहुंचने पर जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. वहीं, दूसरी बाइक पर सवार युवक की पहचान धोबहा थाना क्षेत्र के इजरी सलेमपुर गांव निवासी सोनू यादव के रूप में हुई है. उसे मामूली चोटें आई हैं और परिजन उसका इलाज अपने स्तर से करा रहे हैं.

पुलिस ने बाइकें की जब्त, परिवार में मचा कोहराम

घटना की सूचना मिलते ही धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया और मामले की आगे की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि मृतक राकेश राजस्थान के राजकोट में रहकर प्राइवेट नौकरी करता था. उसकी मौत की खबर से पत्नी अशरफी देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक अपने पीछे पत्नी और चार साल की मासूम बेटी जिया को छोड़ गया है.

विज्ञापन
Ajay Kumar

लेखक के बारे में

By Ajay Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन