चौथी कक्षा के छात्र से मारपीट के आरोप में शिक्षक बर्खास्त, इलाज का खर्च उठाएगा विद्यालय
फोटो- प्रेस वार्ता कर जानकारी देते विद्यालय सीईओ रितिक कुमार | Prabhat Khabar Network
फारबिसगंज के शिशु भारती शिक्षण संस्थान में चौथी कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट के आरोप में एक शिक्षक को स्कूल से बर्खास्त कर दिया गया है. विद्यालय प्रबंधन ने छात्र के इलाज का पूरा खर्च उठाने का भी वादा किया है.
Forbesganj School Action: फारबिसगंज (अररिया). एसके रोड स्थित शिशु भारती शिक्षण संस्थान में मंगलवार को चौथी कक्षा के छात्र हर्षित केशव के साथ शिक्षक द्वारा कथित मारपीट का मामला सामने आया. घटना के बाद छात्र की गर्दन में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद विद्यालय में प्राथमिक उपचार कराने के साथ उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया. मामले की जानकारी मिलने पर विद्यालय प्रशासन ने जांच शुरू की और शिक्षक को बर्खास्त कर दिया.
बाल पकड़ने के बाद छात्र की गर्दन में हुआ दर्द
विद्यालय के सीईओ रितिक कुमार ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शिक्षक आसिम कुमार दत्ता ने कक्षा चार के छात्र हर्षित केशव के बाल को छुआ था. इसके बाद छात्र ने गर्दन में दर्द की शिकायत की. विद्यालय में प्राथमिक उपचार के बाद उसे अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया.
अभिभावकों को दी गई घटना की सूचना
सीईओ के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के अभिभावकों को विद्यालय बुलाया गया. अभिभावकों के साथ पहुंचे कुछ लोगों ने शिक्षक के साथ भी मारपीट की. सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे और शिक्षक को अभिरक्षा में लेकर थाना ले गए.
बाद में शिक्षक और अभिभावक में हुआ समझौता
विद्यालय प्रशासन के अनुसार बाद में शिक्षक और अभिभावक पक्ष के बीच आपसी सुलह हो गई. इसके बावजूद विद्यालय प्रबंधन ने मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए अपनी ओर से जांच कर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई का निर्णय लिया.
जांच के बाद शिक्षक को किया गया बर्खास्त
विद्यालय के सीईओ रितिक कुमार ने बताया कि जांच के बाद शिक्षक आसिम कुमार दत्ता को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटा दिया गया है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों की सुरक्षा और अनुशासन से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा.
छात्र के इलाज का खर्च उठाएगा विद्यालय
Forbesganj School Action: विद्यालय प्रबंधन ने छात्र हर्षित केशव के इलाज का पूरा खर्च वहन करने की बात कही है. प्रबंधन के अनुसार छात्र की स्वास्थ्य स्थिति को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जायेगी.
ये भी पढ़ें: 16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By कलीमउद्दीन
कलीमउद्दीन प्रिंट माध्यम में 24 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










