101 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, विधि विरुद्ध बालिका भी निरुद्ध, दो पुराने मामले दर्ज
फोटो- गिरफ्तार तस्कर की जानकारी देते एसडीपीओ सुशील कुमार | Prabhat Khabar Network
आरएस थाना पुलिस ने 101 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वाहन जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी के पास से बाइक भी जब्त हुई है. पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया है, जो स्मैक की पुड़िया बनाकर बेचती थी.
Araria Smack Seized: अररिया. आरएस थाना पुलिस ने 11 अगस्त को गुप्त सूचना और वाहन जांच के आधार पर 101 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया. कार्रवाई सेरिया-शिरसिया मालगोदाम रोड स्थित कब्रिस्तान के पास की गई. पुलिस ने आरोपी के पास से स्मैक के अलावा एक बाइक भी जब्त की है. मामले में एक विधि विरुद्ध बालिका को भी निरुद्ध किया गया है.
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने बाइक सवार को पकड़ा
आरएस थाना पुलिस की टीम सेरिया-शिरसिया मालगोदाम रोड स्थित कब्रिस्तान के पास वाहन जांच कर रही थी. इसी दौरान नीले-काले रंग की बजाज प्लेटिना बाइक तेज गति से आती दिखाई दी. पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से 101 ग्राम स्मैक बरामद की गयी.
भोकराह निवासी है गिरफ्तार आरोपी
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरएस थाना क्षेत्र के भोकराह वार्ड संख्या 8 निवासी मो. मकतूर (32), पिता उमर फारुक के रूप में हुई है. पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल बाइक को भी जब्त कर लिया है.
नाबालिग से छोटी पुड़िया बनाकर बेचने की जानकारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ में निरुद्ध विधि विरुद्ध बालिका ने बताया कि वह अन्य तस्करों से स्मैक लाकर छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचती थी. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
मामले में आरएस थाना कांड संख्या 189/26 दर्ज किया गया है. आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. एसडीपीओ ने बताया कि आरोपी मकतूर को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि विधि विरुद्ध बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा.
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं दो मामले
पुलिस के अनुसार मकतूर के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले दर्ज हैं. पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायरों और तस्करों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
Araria Smack Seized: कार्रवाई में पुअनि अंकुर, पुअनि अखिलेश कुमार, सअनि सुनील कुमार सिंह सहित आरएस थाना रिजर्व दल के पुलिसकर्मी शामिल रहे. पुलिस ने कहा कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.
ये भी पढ़ें: 16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










