16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
सांकेतिक तस्वीर
अररिया जिले में 60 हजार से अधिक एलपीजी उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी लंबित है. 16 अगस्त 2026 तक यह प्रक्रिया पूरी न करने पर घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ सकती है. जानिए कैसे घर बैठे या कैंपों में कराएं ई-केवाईसी.
LPG E-KYC: अररिया. एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी कराना जरूरी किया गया है. जिले में बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं का ई-केवाईसी अभी तक नहीं हुआ है. इसे देखते हुए गैस वितरकों की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और जगह-जगह शिविर लगाकर उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने की सुविधा दी जा रही है.
16 अगस्त तक ई-केवाईसी कराने की अपील
एलपीजी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे 16 अगस्त 2026 तक अपने गैस कनेक्शन का ई-केवाईसी करा लें. वरीय सेल्स प्रबंधक प्रणव आनंद ने उपभोक्ताओं से संबंधित गैस एजेंसी में पहुंचकर जल्द से जल्द ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.
ई-केवाईसी नहीं कराने पर बढ़ सकता है खर्च
वर्तमान में 14.2 किलोग्राम के घरेलू गैस सिलिंडर की कीमत 1040.50 रुपये बताई गई है, जो करीब 73 रुपये प्रति किलोग्राम बैठती है. वहीं कमर्शियल गैस की कीमत करीब 160 रुपये प्रति किलोग्राम है. इस हिसाब से 14.2 किलोग्राम के सिलिंडर की कीमत करीब 2,283 रुपये हो सकती है. यानी घरेलू दर की तुलना में प्रति किलोग्राम करीब 87 रुपये अधिक भुगतान करना पड़ सकता है.
60 हजार से अधिक ग्राहकों का ई-केवाईसी लंबित
अररिया जिले में इंडियन ऑयल के कुल 1,95,248 ग्राहक हैं. इनमें से 60,618 ग्राहकों का अब तक ई-केवाईसी नहीं हुआ है. विभाग की ओर से लंबित ई-केवाईसी पूरा कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है.
गांव-गांव लगाए जा रहे ई-केवाईसी कैंप
जिले के सभी गैस वितरकों को प्रचार-प्रसार तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. गांव-गांव ई-केवाईसी कैंप लगाए जा रहे हैं. डिलीवरी वाहनों पर फ्लेक्स और पोस्टर लगाकर भी उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी करने के लिए जागरूक किया जा रहा है.
घर बैठे भी पूरी कर सकते हैं प्रक्रिया
LPG E-KYC:उपभोक्ता संबंधित ऑयल कंपनी का मोबाइल ऐप गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं. रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करने के बाद घर बैठे ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इससे उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मृगेंद्रमणि सिंह
मृगेंद्रमणि सिंह प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. प्रभात खबर के अररिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










