सोशल मीडिया की दोस्ती के बाद घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की पूर्णिया में मौत, युवक से पूछताछ
फोटो:- मौत के बाद मामले की जांच करती पुलिस टीम
अररिया की 19 वर्षीय छात्रा मनीषा कुमारी की पूर्णिया में अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद वह घर से भागी थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ जारी है।
Araria News: अररिया. नगर थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी गांव निवासी 19 वर्षीय मनीषा कुमारी की सोमवार शाम पूर्णिया शहर के सदर थाना क्षेत्र में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. मनीषा नरेश यादव की पुत्री और बीए पार्ट-1 की छात्रा थी. घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्णिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि अररिया पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी युवक से दोस्ती
परिजनों और पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार मनीषा की करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए पलासी थाना क्षेत्र के एक इंटरमीडिएट छात्र से दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. परिजनों के मुताबिक हाल में मनीषा की शादी कहीं और तय कर दी गई थी, जिसके बाद वह नाराज होकर घर से निकल गयी.
पूर्णिया जंक्शन पहुंचने के बाद युवक के साथ रहने की बात
बताया गया कि मनीषा युवक के साथ पूर्णिया जंक्शन पहुंची थी. परिजनों के अनुसार युवक ने उसकी मांग में सिंदूर भरकर शादी करने की बात कही है. दोनों ने रात स्टेशन पर ही बिताई. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी.
मंदिर जाने के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
सोमवार शाम दोनों रामबाग से पैदल सिटी काली मंदिर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में मनीषा को अचानक तेज चक्कर आया और वह गिर पड़ी. युवक और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल जीएमसीएच पूर्णिया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
घटना की सूचना मिलने पर जीएमसीएच टीओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा.
जीरो एफआईआर पर जांच शुरू, युवक से पूछताछ
पुलिस के अनुसार जीरो एफआईआर के आधार पर असामान्य मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले की जांच के लिए पुलिस टीम को पूर्णिया भेजा गया है. पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है.
बटुरबाड़ी गांव में पसरा मातम
Araria News: मनीषा की मौत की खबर मिलते ही बटुरबाड़ी गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार और ग्रामीण अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के परिणाम का इंतजार कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: 16 अगस्त तक करा लें एलपीजी ई-केवाईसी, नहीं तो महंगा पड़ सकता है घरेलू गैस सिलिंडर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










