एक सप्ताह से लापता युवती का क्षत-विक्षत शव बरामद, हत्या की आशंका; ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन
फोटो, रोते बिलखते परिजनों | Prabhat Khabar Network

फोटो- रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network

अररिया के पलासी में 21 वर्षीय युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. वह 18 जुलाई से लापता थी. ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.

विज्ञापन

Crime News: पलासी (अररिया). पलासी प्रखंड की बरहकुम्बा पंचायत अंतर्गत तरवी गांव निवासी 21 वर्षीय निराशा कुमारी का शव रविवार सुबह गांव के बधार से क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद किया गया. युवती 18 जुलाई की शाम से लापता थी. परिजनों ने 19 जुलाई को पलासी थाना में गुमशुदगी की सूचना दी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.

18 जुलाई की शाम घर से निकली थी युवती

जानकारी के अनुसार तरवी गांव वार्ड संख्या-01 निवासी बालेश्वर यादव की पुत्री निराशा कुमारी 18 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात से आठ बजे के बीच शौच के लिए घर से निकली थी. देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास के गांवों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अगले दिन परिजनों ने पलासी थाना में लिखित आवेदन देकर गुमशुदगी की सूचना दी.

एक सप्ताह बाद बधार में मिला शव

रविवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने घर से लगभग 500 मीटर दूर बधार में रघुनंदन यादव के खेत की मेड़ पर एक क्षत-विक्षत शव देखा. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. बाद में पलासी थाना पुलिस ने पहुंचकर शव को कब्जे में लिया, जिसकी पहचान लापता निराशा कुमारी के रूप में हुई.

परिजनों में मचा कोहराम

निराशा अपने माता-पिता की पांच संतानों में सबसे छोटी थी. शव मिलने की खबर के बाद मां सरोजनी देवी, तीन बहनों और भाई का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में मातम का माहौल है और महिलाएं तथा बच्चियां भी दहशत में हैं.

ग्रामीणों ने पुलिस पर उठाए सवाल

Crime News: घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि गुमशुदगी की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता से खोजबीन की होती तो शायद युवती की जान बच सकती थी. ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर 24 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कड़ी कार्रवाई की मांग की.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पलासी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जायेगा.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन