किसानों के लिए DM का बड़ा निर्देश, अब खेतों में ड्रोन से होगा छिड़काव; पंचायत स्तर पर बनेगा KCC

Updated:
विज्ञापन

अधिकारियों के साथ बैठक करते जिलाधिकारी | Prabhat Khabar Network

अररिया DM विनोद दूहन ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए अहम निर्देश दिए हैं. अब पंचायत स्तर पर KCC ऋण के आवेदन जमा होंगे और खेतों में ड्रोन से कीटनाशक छिड़काव की सुविधा मिलेगी. यह पहल किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त करने और खेती को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है.

विज्ञापन

अररिया के जिलाधिकारी विनोद दूहन ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कृषि और उससे जुड़े विभागों की योजनाओं की समीक्षा की है. जिला कृषि टास्क फोर्स की इस अहम बैठक में डीएम ने किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त करने और आधुनिक खेती से जोड़ने के लिए कई कड़े व महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं. प्रशासन का मुख्य फोकस योग्य किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण सुविधा का लाभ दिलाने और खेतों तक नई तकनीक पहुंचाने पर है.

पंचायत स्तर पर जमा होंगे कागजात, आसानी से बनेगा KCC

बैठक में डीएम ने सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले के अधिक से अधिक योग्य किसानों को केसीसी (KCC) ऋण सुविधा से जोड़ा जाए. किसानों को बैंकों का चक्कर न लगाना पड़े, इसके लिए पंचायतों में कार्यरत कृषि समन्वयकों और किसान सलाहकारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. ये कर्मी गांव-गांव जाकर किसानों से आवश्यक कागजात के साथ KCC ऋण के आवेदन प्राप्त करेंगे और उसे सीधे संबंधित बैंकों को भेजेंगे.

निर्धारित मूल्य पर मिलेगी खाद, कालाबाजारी पर कसेगी नकेल

जिले में खाद की किल्लत को रोकने के लिए डीएम ने सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. किसानों का शोषण न हो, इसके लिए उर्वरक प्रतिष्ठानों (खाद दुकानों) की नियमित जांच की जाएगी. डीएम ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि किसानों को निर्धारित सरकारी मूल्य पर ही उर्वरक मिलना चाहिए. खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और तस्करी करने वालों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी.

खेतों में अब ड्रोन से होगा कीटनाशक और तरल उर्वरक का छिड़काव

अररिया में खेती को हाइटेक बनाने की तैयारी चल रही है. डीएम ने सहायक निदेशक (पौधा संरक्षण) को निर्देश दिया है कि ड्रोन के माध्यम से अधिक से अधिक किसानों को कीटनाशक व तरल उर्वरक के छिड़काव की सुविधा का लाभ दिया जाए. इसके अलावा किसानों को फसल सुरक्षा और कृषि से संबंधित नई तकनीकी जानकारियां भी समय-समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है, ताकि पैदावार बढ़ाई जा सके.

लक्ष्य के अनुरूप बंटेगा 'मृदा स्वास्थ्य कार्ड'

बैठक में खेतों की मिट्टी की गुणवत्ता सुधारने के लिए 'मृदा स्वास्थ्य कार्ड' (Soil Health Card) योजना की भी समीक्षा की गई. डीएम ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप किसानों को जल्द से जल्द यह कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक, सिंचाई एवं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता, जिला पशुपालन, मत्स्य, गव्य विकास और उद्यान पदाधिकारी सहित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मौजूद रहे.


विज्ञापन
Pankaj Jha

लेखक के बारे में

By Pankaj Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन