आठ दिन में 10 बच्चियों की तबीयत बिगड़ी, भोजन और व्यवस्था पर उठे सवाल
फोटो- अस्पताल में इलाजरत बच्चे. | Prabhat Khabar Network
रानीगंज स्थित प्लस टू कन्या आवासीय विद्यालय में एक बार फिर बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई है. आठ दिनों के भीतर 10 बच्चियों के बीमार पड़ने से भोजन और व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. अभिभावक तत्काल जांच की मांग कर रहे हैं.
Araria News: परवाहा (अररिया). रानीगंज नगर पंचायत स्थित प्लस टू कन्या आवासीय विद्यालय में बुधवार देर रात अचानक आधा दर्जन बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई. पेट दर्द की शिकायत के बाद सभी को इलाज के लिए रानीगंज अस्पताल ले जाया गया. ड्यूटी पर तैनात चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार ने बताया कि उपचार के बाद सभी बच्चियों को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.
आठ दिन पहले भी चार बच्चियां हुई थीं बीमार
बताया जा रहा है कि करीब आठ दिन पहले भी विद्यालय की चार बच्चियों को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लगातार दूसरी बार ऐसी घटना सामने आने से विद्यालय की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. आठ दिनों के भीतर 10 बच्चियों के बीमार पड़ने से अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है.
पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल पहुंची बच्चियां
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कुमार के अनुसार बुधवार रात करीब आधा दर्जन बच्चियों को पेट दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था. सभी को सलाइन और आवश्यक उपचार दिया गया. इलाज के बाद उनकी स्थिति सामान्य होने पर उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया.
बासी भोजन की आशंका, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण
स्थानीय लोगों और जानकारों ने बच्चियों के लगातार बीमार पड़ने के पीछे बासी या दूषित भोजन की आशंका जताई है. हालांकि बीमारी का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है. स्वास्थ्य विभाग या सक्षम एजेंसी की जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि बच्चियों की तबीयत बिगड़ने की वजह भोजन, पानी या कोई अन्य कारण है.
विधायक ने जांच कराने की कही बात
विधायक अविनाश मंगलम ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बार-बार बच्चियों का बीमार पड़ना चिंता का विषय है और यह व्यवस्था में लापरवाही का संकेत हो सकता है. उन्होंने कहा कि वे जल्द ही वरीय अधिकारियों को पत्र लिखकर विद्यालय की व्यवस्था और भोजन की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग करेंगे.
अभिभावकों ने की भोजन और पानी की जांच की मांग
Araria News: घटना के बाद अभिभावकों ने प्रशासन से छात्रावास में उपलब्ध भोजन, पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था की तत्काल जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि बच्चियों के स्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए. साथ ही दोष सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिये.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By रविंद्र यादव
रविंद्र यादव प्रिंट माध्यम में 08 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. रानीगंज (अररिया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









