पीएम सूर्य घर योजना: अररिया में सोलर मेला आयोजित, 1 किलोवाट पर मिलेगी 40 हजार तक सब्सिडी

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कार्यक्रम को संबोधित करते जिलाधिकारी | Prabhat Khabar Network

अररिया में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत सोलर मेला आयोजित किया गया, जहां उपभोक्ताओं को रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की जानकारी दी गई. योजना के तहत 1 किलोवाट पर 40 हजार रुपये तक की सब्सिडी और 4 साल में खर्च की भरपाई का दावा किया गया है.

विज्ञापन

अररिया. पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक योग्य उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, अररिया कार्यालय परिसर में सोलर मेला आयोजित किया गया. मेले में बड़ी संख्या में बिजली उपभोक्ताओं ने भाग लिया और रूफटॉप सोलर पैनल लगाने से जुड़ी जानकारी प्राप्त की.

14 वेंडरों ने लगाए सोलर पैनल के स्टॉल

सोलर मेले में योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं की छत पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लिए पंजीकृत 14 वेंडरों ने अलग-अलग स्टॉल लगाए. यहां उपभोक्ताओं को सोलर पैनल, इनवर्टर और अन्य उपकरणों की जानकारी देने के साथ संयंत्र लगाने में आने वाली लागत के बारे में भी बताया गया.

बैंकों ने दी ऋण सुविधा की जानकारी

मेले में सभी सरकारी बैंकों की ओर से भी काउंटर लगाए गए थे. बैंक अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को सोलर पैनल लगाने के लिए उपलब्ध ऋण सुविधा की जानकारी दी. बताया गया कि योग्य लाभुकों को छह प्रतिशत से कम ब्याज दर पर भी ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

एक किलोवाट पर मिलेगी 40 हजार रुपये की सब्सिडी

जिलाधिकारी विनोद दूहन ने बताया कि पीएम सूर्यघर योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से एक किलोवाट क्षमता का सोलर पैनल लगाने पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी दी जाती है. बिहार सरकार की ओर से भी 10 हजार रुपये प्रति किलोवाट की सब्सिडी देने की घोषणा की गई है.

इस तरह एक किलोवाट के सोलर पैनल पर कुल 40 हजार रुपये, दो किलोवाट पर 80 हजार रुपये और तीन किलोवाट या इससे अधिक क्षमता के संयंत्र पर अधिकतम 98 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलने की जानकारी दी गई.

चार साल में खर्च की भरपाई का दावा

डीएम ने कहा कि सब्सिडी मिलने से रूफटॉप सोलर पैनल लगाने की लागत काफी कम हो जाएगी. उपभोक्ता बिजली बिल में होने वाली बचत के माध्यम से सोलर पैनल पर खर्च की गई राशि करीब चार वर्षों में वसूल कर सकते हैं. उन्होंने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाकर घर की छत पर सोलर पैनल लगाने और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की अपील की.

शून्य बिजली बिल वाले उपभोक्ता हुए सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने सोलर पैनल लगवाने के बाद शून्य बिजली बिल प्राप्त करने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. इसके अलावा पीएम सूर्यघर योजना के तहत योग्य आवेदकों को ऋण उपलब्ध कराने में बेहतर प्रदर्शन करने वाले भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा, एडीबी शाखा और ग्रामीण बैंक को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया.

सबसे अधिक प्लांट लगाने वाला वेंडर सम्मानित

विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, अररिया क्षेत्र में सर्वाधिक 11 रूफटॉप सोलर प्लांट स्थापित करने वाले पंजीकृत वेंडर अर्बन टेक इंडस्ट्रियल सर्विसेज एलएलपी को भी सम्मानित किया गया.


विज्ञापन
Pankaj Jha

लेखक के बारे में

By Pankaj Jha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन