होली काे लेकर पीडीएस दुकानों में ससमय लाभुकों को मिले खाद्यान्न
Published by : MRIGENDRA MANI SINGH Updated At : 25 Feb 2026 12:17 AM
अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक में उठे कई मुद्दे
फारबिसगंज. अनुमंडल स्तरीय खाद्य व उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा गठित अनुमंडल स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय के सभागार में अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण की अध्यक्षता में हुई. बैठक में पीडीएस डीलरों के द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित अनाज में कटौती कर दिये जाने, रसोई गैस एजेंसी के गोदाम के अलावा रिहायसी इलाके में भी अवैध रूप से रसोई गैस सिलिंडर का भंडारण करने वाले के खिलाफ कार्रवाई, पंचायत समिति के बैठक में भी अनुश्रवण समिति के सदस्य को आमंत्रित करने, राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन देने वाले लोगों के लंबित आवेदन का त्वरित निष्पादन कर पात्र लाभुकों को राशन बना कर देने का मामला उठाया गया.
लंबित भुगतान के कारण हो रही है परेशानी
बैठक में मौजूद अनुश्रवण समिति के सदस्यों ने कहा कि फारबिसगंज में 800, नरपतगंज में 600, भरगामा में 250 आवेदन लंबित हैं. इसमें सबसे अधिक नाम जोड़ने व हटाने का आवेदन है. सहायक गोदाम प्रबंधक ने कहा कि फारबिसगंज में ठेकेदार, लेबर व ट्रांसपोर्टर के पेमेंट का मुद्दा है. इससे काफी परेशानी होती है व काम बाधित होता है.
एजेंसी के प्रतिनिधि से मांगा जायेगा स्पष्टीकरण
अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि बैठक में संबंधित विभाग से संदर्भित जो एजेंसी है, जिसके प्रतिनिधि ने बैठक में भाग नहीं लिया है, उससे स्पष्टीकरण मांगा जायेगा. उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी के गोदाम के अलावा अन्य स्थानों पर रसोई गैस का भंडारण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई के लिए धावा दल का गठन किया जाएगा, जो इसकी जांच कर एसडीओ को प्रतिवेदन सौंपेंगे और कार्रवाई करेंगे. उन्होंने सभी सहायक गोदाम प्रबंधकों व एमओ से कहा कि आगे होली का त्योहार है, इसलिए समय पर पीडीएस दुकानों में लाभुकों के बीच खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें.
एसडीओ की अनुपस्थिति में अवर निर्वाचन पदाधिकारी ने की अध्यक्षता
बैठक में मुख्य रूप से एसडीओ के आवश्यक कार्य से बाहर रहने व बैठक में नहीं रहने पर उनके स्थान पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश कृष्ण, सहायक गोदाम प्रबंधक फारबिसगंज मयंक राज, नरपतगंज स्वेता शिवानी, भरगामा विनीता कुमारी व एमओ फारबिसगंज इंद्रजीत कुमार, नरपतगंज पुनिता कुमारी, भरगामा गणेश कुमार के अलावा अनुश्रवण समिति सदस्यों में पवन मिश्रा, प्रोफेसर ओमप्रकाश जी, राहुल कुमार, अशोक कुमार यादव, नसीम उद्दीन, आदित्य भारत गैस से जुगेश कुमार गुप्ता सहित अन्य के अलावा अनुमंडल कार्यालय के सहायक प्रशासी पदाधिकारी सुधीर कुमार साह, लिपिक जनमंजय कुमार मनु, राजेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










