अररिया में ट्रांसफार्मर पर चढ़ीं बेलें-झाड़ियां, बिजली विभाग के मेंटेनेंस दावों पर उठे सवाल

लताएं व झाड़ियों से लिपटी ट्रांसफार्मर व पोल
अररिया शहर में बिजली व्यवस्था सवालों के घेरे में है. खरेहिया बस्ती में लगा ट्रांसफार्मर घनी बेलों और झाड़ियों से पूरी तरह ढक गया है. स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के रखरखाव पर सवाल उठाए हैं और तत्काल कार्रवाई की मांग की है.
अररिया से राहुल सिंह व नवीन कुमार की रिपोर्ट
अररिया जिला मुख्यालय में बिजली व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. शहर के खरेहिया बस्ती स्थित महिला कॉलेज के समीप लगा ट्रांसफार्मर, बिजली के तार और पोल घनी बेलों व झाड़ियों से पूरी तरह ढंक गए हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि महीनों से यह स्थिति बनी हुई है, लेकिन बिजली विभाग की ओर से सफाई या रखरखाव की कोई कार्रवाई नहीं की गई.
ट्रांसफार्मर तक पहुंचना भी मुश्किल
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर के चारों ओर इतनी घनी झाड़ियां उग आई हैं कि मेंटेनेंस टीम के लिए वहां तक पहुंचना भी कठिन हो गया है. पोल और तारों पर बेलें लिपटी हुई हैं, जिससे बारिश के मौसम में शॉर्ट सर्किट और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है.
छात्राओं और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा
यह ट्रांसफार्मर महिला कॉलेज के समीप तथा जिला शिक्षा कार्यालय के सामने स्थित है. ऐसे में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं, कर्मचारी और राहगीर यहां से गुजरते हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते झाड़ियों की सफाई नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है.
विभाग के दावों पर सवाल
बिजली विभाग नियमित फीडर मेंटेनेंस और निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा करता है, लेकिन शहर के प्रमुख इलाके में ट्रांसफार्मर की यह स्थिति उन दावों पर सवाल खड़े कर रही है. लोगों का कहना है कि यदि जिला मुख्यालय में यह हाल है तो ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है.
लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग से ट्रांसफार्मर के आसपास उगी झाड़ियों की तत्काल सफाई कराने, बिजली के तारों और उपकरणों की जांच करने तथा नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना से पहले विभाग को आवश्यक कदम उठाने चाहिए.
प्रमुख बातें
- अररिया शहर के खरेहिया बस्ती में ट्रांसफार्मर बेलों और झाड़ियों से घिरा.
- महिला कॉलेज और जिला शिक्षा कार्यालय के पास बनी हुई है यह स्थिति.
- बारिश में शॉर्ट सर्किट और हादसे का खतरा बढ़ा.
- स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के मेंटेनेंस दावों पर उठाए सवाल.
- झाड़ियों की सफाई और उपकरणों की जांच की मांग.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










