अररिया जनजातीय क्षेत्रों में 18 से 25 मई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान, सरकारी योजनाओं पर रहेगा फोकस

जनजातीय क्षेत्रों में 18 से 25 मई तक चलेगा विशेष जागरूकता अभियान
Araria News: अररिया के जनजातीय इलाकों में अब सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर पहुंचायी जायेगी. प्रशासन ने 18 से 25 मई तक विशेष जागरूकता अभियान चलाने का फैसला लिया है, जिसमें स्वास्थ्य शिविर से लेकर जन संवाद तक कई कार्यक्रम होंगे.
Araria News: अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट. अररिया जिले में जनजातीय समुदायों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रशासन बड़े स्तर पर अभियान चलाने जा रहा है. जिलाधिकारी विनोद दूहन के निर्देश पर जिला कल्याण कार्यालय और अन्य विभागों के संयुक्त प्रयास से 18 मई से 25 मई 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया जायेगा. इस अभियान के तहत पीएम-जनमन और डीए-जेजीयूए जैसी योजनाओं की जानकारी दूरस्थ गांवों तक पहुंचायी जायेगी.
जनजातीय समुदायों तक योजनाओं की पहुंच बढ़ाने की पहल
प्रशासन की ओर से जारी निर्देश के अनुसार यह अभियान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग, बिहार के दिशा-निर्देश पर चलाया जा रहा है. “जन भागीदारी–सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के तहत दूरस्थ और जनजातीय बहुल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जायेगा.
शिविर और स्वास्थ्य कैंप से मिलेगी सीधी सुविधा
अभियान के दौरान विभिन्न पंचायतों और गांवों में विशेष शिविर लगाये जायेंगे. इन शिविरों में जन संवाद, स्वास्थ्य जांच, जागरूकता कार्यक्रम और ग्राम भ्रमण जैसी गतिविधियां आयोजित होंगी. प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र लोगों का ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण किया जाये और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जा सके.
सिकल सेल जांच पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के तहत हेल्थ कैंप भी आयोजित किये जायेंगे, जहां सिकल सेल जांच और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अलावा पंचायत स्तर पर पदयात्रा, ग्राम सभा और सामुदायिक बैठकों के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी दी जायेगी.
पलासी प्रखंड के कई गांव होंगे शामिल
जानकारी के अनुसार पलासी प्रखंड के कई जनजातीय बहुल गांवों और पंचायतों को इस अभियान में शामिल किया गया है. बलुआ, कुजरी, पकड़ी, नकटाखुर्द और बरहकुम्बा समेत कई पंचायतों में पंचायत सरकार भवन और सामुदायिक भवनों पर शिविर आयोजित होंगे.
प्रशासन ने अधिकारियों को दिया निर्देश
जिलाधिकारी विनोद दूहन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का निर्देश दिया है. प्रशासन का मानना है कि इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सकेगा.
Also Read:आज पूरे बिहार में आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कब तक मॉनसून की होगी एंट्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By प्रत्युष प्रशांत
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










