संभावित बाढ़ को लेकर अलर्ट मोड में प्रशासन, डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
अररिया जिले के संवेदनशील बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करते जिलाधिकारी विनोद दूहन.
Araria Flood Inspection: अररिया में संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए डीएम विनोद दूहन ने कजराधार, दुलारदेई नदी क्षेत्र और जोगबनी के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया. अधिकारियों को बाढ़ नियंत्रण और निगरानी के निर्देश दिए गए.
अररिया से पंकज कुमार की रिपोर्ट:
Araria Flood Inspection: जिले में संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में जिलाधिकारी विनोद दूहन ने बुधवार को विभिन्न संवेदनशील एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फारबिसगंज-रानीगंज मुख्य सड़क मार्ग स्थित कजराधार एवं दुलारदेई नदी के स्केप क्षेत्र का निरीक्षण किया. उन्होंने बाढ़ नियंत्रण से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया.
नदी तटों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों पर विशेष नजर
जिलाधिकारी ने बाढ़ प्रमंडल के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नदी तटों, कटाव प्रभावित क्षेत्रों तथा जल निकासी व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि संभावित बाढ़ को देखते हुए किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
साथ ही संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक संसाधनों, मशीनों एवं राहत सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आपदा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके.
जोगबनी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का भी लिया जायजा
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी जोगबनी पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व में बाढ़ से प्रभावित रहे चैंगाबाड़ी धार और टिकुलिया बस्ती का स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर पूर्व की बाढ़ के दौरान आई समस्याओं और वर्तमान स्थिति की जानकारी ली.
ग्रामीणों ने बाढ़ के समय आने वाली परेशानियों से जिलाधिकारी को अवगत कराया, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
किसी भी आपदा से निपटने को तैयार है प्रशासन
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विनोद दूहन ने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ सहित किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है.
उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी करने तथा संभावित जोखिम वाले इलाकों पर विशेष नजर बनाए रखने का निर्देश दिया. साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी इंतजामों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया.
जिलाधिकारी ने कहा कि लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और बाढ़ की किसी भी स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएंगे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










