अररिया कॉलेज पर नप का 08.31 करोड़ टैक्स बकाया
Published by : PRAPHULL BHARTI Updated At : 07 Apr 2026 10:33 PM
अन्य सरकारी कार्यालयों व संस्थानों को नोटिस जारी
अररिया. अररिया नगर परिषद प्रशासन जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न सरकारी भवनों पर लाखों-करोड़ों रुपये का होल्डिंग टैक्स (संपत्ति कर) बकाया होने पर सख्त कार्रवाई करने जा रहा है. इसमें केवल अररिया कॉलेज पर ही 08 करोड़ 31 लाख 82 हजार 660 रुपये का टैक्स बकाया है. को-ऑपरेटिव बैंक, बीएसएनएल कार्यालय, अंचल कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण सरकारी विभागों को भी बकाया कर भुगतान संबंधित नोटिस जारी किया गया है. वहीं अन्य विभागों पर भी करोड़ों रुपये से अधिक की देनदारी है. वित्तीय वर्ष 2025-26 के बीत जाने के बाद नगर परिषद ने सख्ती दिखाते हुए कई सरकारी विभाग के कार्यालयों को नोटिस जारी किया है. वित्तीय वर्ष के अंत में राजस्व बढ़ाने के लिए नगर परिषद ने सभी बकायेदारों को समय सीमा के भीतर कर भुगतान न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी है. नोटिस का जवाब नहीं मिलने पर टैक्स वसूली के लिए संपत्तियों को जब्त करने की भी चेतावनी दी गयी है. अररिया नप के कार्यपालक पदाधिकारी चंद्र प्रकाश राज ने बताया कि वित्तीय वर्ष में मार्च क्लोजिंग के बाद बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है. इसी क्रम में अररिया महाविद्यालय पर नगर परिषद का 08.31 करोड़ से ज्यादा का होल्डिंग टैक्स बकाया बताया जा रहा है. नगर परिषद के द्वारा भेजे गये नोटिस के अनुसार कॉलेज पर बकाया अवधि 1973-74 से 2012-14 के बीच का टैक्स 06 करोड़ 43 लाख 29 हजार 15 रुपये बकाया ही था. इसके बाद 2013-14 से 2025-26 के बीच 01 करोड़ 82 लाख 17 हजार 972 रुपये की देनदारी और बन गयी. वहीं 2026-27 का 06 लाख 67 हजार 325 रुपये की बकाया है. इसमें नगर परिषद द्वारा 33 हजार 366 रुपये की छूट भी दी गयी है. वहीं वन टाइम जलकर का 1714 रुपये बकाया भी टैक्स में जोड़ा गया है. नप इओ ने अररिया कॉलेज के प्राचार्य को टैक्स से संबंधित ब्यौरा भेजने के साथ नोटिस में कहा है कि आपके पास म्यूनिसिपल टैक्स के रूप में 08 लाख 31 हजार 82 हजार 660 राशि बकाया है, जिसका जल्द से जल्द भुगतान करने को कहा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










