परमान की तेज धारा बनी काल, लापता पशुपालक का शव दूसरे दिन मिला

विज्ञापन

अररिया के ताराबाड़ी में परमान नदी की तेज धारा में बहे 65 वर्षीय पशुपालक कमल यादव का शव दूसरे दिन बरामद हुआ। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

विज्ञापन

ताराबाड़ी. अररिया प्रखंड के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र में परमान नदी की तेज धारा एक वृद्ध पशुपालक के लिए काल साबित हुई. गुरुवार को नदी पार करने के दौरान लापता हुए 65 वर्षीय कमल यादव का शव शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पूर्णिया जिले के जलालगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत परमान नदी के खत्ता घाट के समीप बरामद किया गया. सूचना मिलते ही जलालगढ़ थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन

शव गांव पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. ताराबाड़ी थाना क्षेत्र के बटुरबाड़ी पंचायत के वार्ड संख्या दो स्थित चरारणी गांव निवासी स्वर्गीय गोविंद यादव के पुत्र कमल यादव (65) गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी भैंस के साथ परमान नदी के समदा घाट से नदी पार कर रहे थे. इसी दौरान नदी की तेज धारा में उनका संतुलन बिगड़ गया व वे भैंस सहित बह गए. कुछ दूर जाने के बाद कमल यादव नदी में डूब गए, जबकि भैंस किसी तरह तैरकर किनारे निकल आई.

व्यापक तलाशी अभियान चलाया

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर पर खोजबीन शुरू कर दी. बाद में इसकी सूचना ताराबाड़ी थाना पुलिस को दी गई. सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने नाव की सहायता से देर शाम तक समदा घाट एवं आसपास के नदी क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया, लेकिन गुरुवार को उनका कोई पता नहीं चल सका. शुक्रवार को जलालगढ़ थाना क्षेत्र के खत्ता घाट के समीप नदी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक अपने पीछे पत्नी शीला देवी, पुत्र राजेश यादव, लालू यादव सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इधर वार्ड सदस्य गिरनंद सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अनिसुर रहमान, पूर्व चेयरमैन संतोष कुमार झा, पंचायत समिति सदस्य सरवर आलम, मुमताज अंसारी, शोएब आलम, अनिल यादव, अरुण कुमार यादव, विजय यादव, सुरेश यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मृतक के आश्रितों को आपदा राहत के तहत उचित मुआवजा देने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन