मुख्य पार्षद ने मंत्री से की सड़क व बस स्टैंड के लिए पहल, मिला पूर्णतः आश्वासन

Updated:
विज्ञापन
मुख्य पार्षद ने मंत्री से की सड़क व बस स्टैंड के लिए पहल, मिला पूर्णतः आश्वासन

अररिया के मुख्य पार्षद ने नगर विकास मंत्री से मुलाकात कर बस स्टैंड और सड़क निर्माण के लिए पहल की, मंत्री ने 15 दिनों में कार्यवाही का आश्वासन दिया है।

विज्ञापन

अररिया. नए बस स्टैंड का रास्ता साफ होने की उम्मीद, 15 दिनों में कार्यवाही का आश्वासननगर विकास मंत्री से मुख्य पार्षद ने की मुलाकात, बस स्टैंड के लिए तीन एकड़ भूमि और 2.50 करोड़ की सड़क-नाला योजना पर हुई चर्चा

मंत्री बोले-

दोनों प्रस्तावों को जल्द धरातल पर उतारेंगे, शहरवासियों को बेहतर यातायात और बुनियादी सुविधाएं मिलेंगीप्रतिनिधि. अररिया. वर्षों से लंबित अररिया बस स्टैंड निर्माण की दिशा में अब सकारात्मक पहल होती दिखाई दे रही है. नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से पटना स्थित उनके कार्यालय में अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा की मुलाकात हुई. इस दौरान मुख्य पार्षद ने शहर के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं नए बस स्टैंड के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा वार्ड संख्या 09 में सड़क-सह-नाला निर्माण योजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया. मंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्यवाही शुरू कराने का आश्वासन दिया।

निर्माण का प्रस्ताव पहले ही विभाग को भेजा जा चुका

मुख्य पार्षद ने बताया कि मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत वार्ड संख्या 09 में एबीसी नहर से एपीएस स्कूल तक सड़क-सह-नाला निर्माण का प्रस्ताव पहले ही विभाग को भेजा जा चुका है. करीब 2.50 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस योजना की अनुशंसा जिला प्रशासन द्वारा गत वर्ष नगर विकास एवं आवास विभाग को भेजी गई थी, लेकिन अब तक प्रशासनिक स्वीकृति नहीं मिल सकी है. उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है. जर्जर सड़क और जलजमाव के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने मंत्री से योजना को शीघ्र स्वीकृति देने अथवा नगर परिषद स्तर से निर्माण कार्य कराने की अनुमति देने का अनुरोध किया.

बस स्टैंड के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग

मुख्य पार्षद ने अररिया नगर परिषद क्षेत्र में नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए तीन एकड़ भूमि उपलब्ध कराने की भी मांग की। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक में भी इस मुद्दे को उठाया गया था। इसके बाद कार्यपालक पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय के समीप कृषि विभाग की तीन एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के लिए अंचलाधिकारी को पत्र भेजा था, लेकिन अब तक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी नहीं हो सका है। उन्होंने मंत्री से विशेष पहल कर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि बस स्टैंड निर्माण का रास्ता साफ हो सके।

जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी

मुख्य पार्षद ने कहा कि दोनों योजनाएं अररिया शहर की बुनियादी जरूरतों से जुड़ी हैं। सड़क-सह-नाला निर्माण से वार्ड संख्या 09 के लोगों को जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी, जबकि नए बस स्टैंड के निर्माण से जिले के भीतर और बाहर आने-जाने वाले यात्रियों को आधुनिक एवं व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। शहरवासियों को अब सरकार के शीघ्र निर्णय का इंतजार है।


विज्ञापन
राहुल सिंह

लेखक के बारे में

By राहुल सिंह

राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन