ऑपरेशन प्रहार में बड़ी कार्रवाई, 111 ग्राम स्मैक और 2.25 लाख रुपये के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

फोटो: प्रेस को संबोधित करते एसडीपीओ सुशील कुमार व मौजूद नगर थानाध्यक्ष | Prabhat Khabar Network

अररिया पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कामयाबी हासिल की है. गैयारी में छापेमारी कर 111 ग्राम स्मैक और 2.25 लाख रुपये नगद के साथ दो स्मैक तस्करों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस आगे की जांच कर रही है.

विज्ञापन

अररिया. एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत नगर थाना पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गैयारी वार्ड संख्या 13 में छापेमारी कर दो कथित स्मैक तस्करों को 111.01 ग्राम स्मैक जैसे मादक पदार्थ और 2 लाख 25 हजार रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

गैयारी में घर पर छापेमारी कर दोनों को दबोचा

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गैयारी वार्ड संख्या 13 निवासी शहबाज आलम उर्फ हीरा (30), पिता एखलाक और हिदायतुल्लाह उर्फ गुड्डू (24), पिता मो मोकीमुद्दीन के रूप में हुई है. प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि 25 अगस्त को सूचना मिली थी कि गैयारी वार्ड संख्या 13 के दो वांछित तस्कर अपने घर से स्मैक की बिक्री कर रहे हैं.

सूचना मिलने के बाद नगर थानाध्यक्ष मनीष कुमार रजक ने वरीय पदाधिकारी को जानकारी दी. इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के एसओपी का पालन करते हुए शहबाज आलम के घर पर विधिवत छापेमारी की गयी. तलाशी के दौरान 111.01 ग्राम स्मैक जैसा मादक पदार्थ, दो मोबाइल फोन और 2 लाख 25 हजार रुपये नकद बरामद हुए.

स्मैक बिक्री की कमाई होने का पुलिस ने जताया दावा

पुलिस के अनुसार बरामद नकद राशि स्मैक की बिक्री से अर्जित की गयी है. हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच जारी है. दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद नगर थाना में कांड संख्या 446/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गयी है.

बैरगाछी कनेक्शन से सामने आया तस्करी का लिंक

एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि 25 अगस्त को ही बैरगाछी थाना क्षेत्र में इमरान खान (21) को 12 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया था. उसके खिलाफ बैरगाछी थाना कांड संख्या 111/26 दर्ज किया गया. पूछताछ के दौरान इमरान ने पुलिस को बताया कि उसने स्मैक गुड्डू से खरीदा था. इसके बाद पुलिस ने गैयारी में कार्रवाई करते हुए गुड्डू और हीरा को गिरफ्तार किया.

दोनों आरोपितों का रहा है आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार दोनों गिरफ्तार आरोपितों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. जांच में गुड्डू के खिलाफ जलालगढ़ थाना कांड संख्या 103/26 और 158/26 तथा बैरगाछी थाना कांड संख्या 111/26 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आयी है. वहीं हीरा के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 230/26 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है.

बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की जांच

एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ के आधार पर नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है, ताकि स्मैक की आपूर्ति करने वाले और खरीद-बिक्री नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके.

ऑपरेशन प्रहार के तहत अब तक 9 किलो से अधिक स्मैक बरामद

पुलिस के अनुसार एसपी जितेंद्र कुमार के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वर्ष 2026 में अब तक जिले में करीब 9200 से 9300 ग्राम स्मैक बरामद किया जा चुका है. इस दौरान कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है. पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

छापेमारी टीम में ये रहे शामिल

कार्रवाई में नगर थानाध्यक्ष पुनि मनीष कुमार रजक, पुअनि अमित कुमार, पुअनि पूनम कुमारी, सअनि पुष्कर कुमार सिंह और डीआईयू टीम अररिया के अधिकारी व जवान शामिल रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन