पटना सेंट्रल बैंक ATM गार्ड हत्या मामले में नया खुलासा

Updated at : 15 Dec 2016 2:07 AM (IST)
विज्ञापन
पटना सेंट्रल बैंक ATM गार्ड हत्या मामले में नया खुलासा

पटना : कोतवाली थाना क्षेत्र के मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम के गार्ड कुंदन कुमार मालाकार की हत्या लूट के प्रयास के दौरान ही की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने शुभम को सचिवालय थाने के इको पार्क इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह है […]

विज्ञापन
पटना : कोतवाली थाना क्षेत्र के मौर्या लोक कॉम्प्लेक्स में स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की एटीएम के गार्ड कुंदन कुमार मालाकार की हत्या लूट के प्रयास के दौरान ही की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने शुभम को सचिवालय थाने के इको पार्क इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह है कि कुंदन की हत्या कर एटीएम में लूट का प्रयास करनेवाला हत्यारा शुभम भी उसी मोहल्ले का निवासी है.कुंदन का घर गोलघर डॉक्टर कल्लू गली में है और शुभम का घर गोलघर शिवमंदिर गली में है. शुभम कई वर्षों से कुंदन को जानता था. शुभम ने कुंदन की शारीरिक अक्षमता का फायदा उठाना चाहा और एटीएम में लूट का प्रयास किया. हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हो पाया. लेकिन, इसके पूर्व उसने बेरहमी से कुंदन की हत्या कर दी. पकड़ा गया शुभम स्मैकियर है. साथ ही उसने अपनी मां व खुद का इलाज कराया था. जिसमें डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च हो गये थे और उसे पैसों की सख्त जरूरत थी. जिसके कारण उसने एटीएम लूटने की योजना बना ली.
पहले अग्निशमन यंत्र से और फिर तलवार से किया था प्रहार
बताया जाता है कि नौ दिसंबर की मध्य रात्रि में शुभम घने कोहरे का फायदा उठाते हुए अपने को कंबल में छुपाते हुए खंती व तलवार लेकर पहुंचा था. जब वह पहुंचा, तो उस समय कुंदन मालाकर एटीएम के अंदर ही सोया था. उसने अंदर जाते ही एटीएम के शटर को बंद कर दिया.इस पर कुंदन की नींद खुल गयी और जब वह अपने गार्ड रूम से निकल कर बाहर आया, तो उसने शुभम को देख लिया. इसके बाद उसने डांटा कि यहां क्या कर रहे हो. इस पर उसने आनन-फानन में एटीएम के अंदर लगे अग्निशमन यंत्र से उसके सिर पर प्रहार किया.
जिसके कारण वह बेहोश हो गया. इसके बाद उसने एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरा के डीवीआर को निकाल दिया. उसने खंती की मदद से एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया. इसी बीच कुंदन को होश आ गया और वह हिलने-डुलने लगा. उसके बाद शुभम ने तलवार से उस पर वार कर दिया, जो उसके नाक पर लगी. उसके बाद फिर उसने तलवार चलायी, जो उसके गरदन में लगी. कुछ देर तड़पने के बाद कुंदन ने वहीं दम तोड़ दिया. इधर काफी प्रयास के बाद भी जब एटीएम नहीं टूटा, तो वह खंती, डीवीआर व तलवार लेकर वहां से भाग गया.भागने के क्रम में उसने पटना संग्रहालय के पीछे टेलीफोन बॉक्स में तलवार व खंती डाल दी और डीवीआर को मंदिरी नाले में फेंक दिया. इसके बाद वह अपने एक दोस्त के साथ बिहटा के लिए निकल गया.
शुभम दो सीसीटीवी का डीवीआर तो लेकर निकल भागने में सफल रहा. लेकिन, एक और सीसीटीवी कैमरा का डीवीआर वह नहीं देख पाया. उसमें उसकी तसवीर आ चुकी थी. साथ ही कोतवाली टी, आयकर गोलंबर, पटना संग्रहालय आदि इलाके के सीसीटीवी कैमरे की पड़ताल के बाद यह बात सामने आयी कि एक शख्स अकेले ही कंबल ओढ़े एटीएम की ओर गया और फिर कुछ देर बाद वह कोतवाली टी, आयकर गोलंबर, पटना संग्रहालय होते हुए मंदिरी की ओर निकल गया.
लोहार के माध्यम से अपराधी तक पहुंची पुलिस
तलवार को देखने पर यह प्रतीत हुआ कि हाल में ही उसकी धार तेज करायी गयी है. इसके बाद पुलिस लोहार श्याम बाबू तक पहुंच गयी, तो उसने तलवार पहचान ली.
स्पीडी ट्रायल के तहत मिलेगी सजा : एसएसपी
एसएसपी के निर्देश पर विधि व्यवस्था डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को तलवार व खंती को बरामद किया था. टीम लगातार इस मामले के उद्भेदन में लगी थी और अंतत: हत्यारे को पकड़ लिया गया. एसएसपी ने बताया कि हत्या की घटना को एक ही शख्स ने अंजाम दिया था. उसका मकसद एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर पैसे को लूटना था. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलायी जायेगी.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन