पुलिस की बर्बरता: रात में तीन बजे छात्रों को उठाया नंगा कर पीटा, सिगरेट से दागा

Published at :01 Dec 2014 1:47 AM (IST)
विज्ञापन
पुलिस की बर्बरता: रात में तीन बजे छात्रों को उठाया नंगा कर पीटा, सिगरेट से दागा

पटना\आरा: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संपर्क यात्रा के दौरान चीफ सिक्यूरिटी से उलझना दो छात्र नेताओं को महंगा पड़ गया. रविवार को तड़के तीन बजे पुलिस ने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के छात्र संघ अध्यक्ष कुमुद पटेल और छात्र समागम के जिला अध्यक्ष प्रिंस बजरंगी को घर से उठा लिया और आरा से […]

विज्ञापन

पटना\आरा: पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की संपर्क यात्रा के दौरान चीफ सिक्यूरिटी से उलझना दो छात्र नेताओं को महंगा पड़ गया. रविवार को तड़के तीन बजे पुलिस ने वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के छात्र संघ अध्यक्ष कुमुद पटेल और छात्र समागम के जिला अध्यक्ष प्रिंस बजरंगी को घर से उठा लिया और आरा से 40 किलोमीटर दूर बड़हरा थाने में रख कर बुरी तरह पीटा. दोनों की जांघों पर मौजूद लाल और काले धब्बों से यह साफ है कि उन्हें नंगा कर बेरहमी से पीटा गया है.

छात्रों के हाथों पर सिगरेट से जलाने के दाग मिले हैं. पिटाई के दौरान चार से पांच थानाप्रभारियों के मौजूद रहने की बात कही जा रही है. जांच के लिए पटना से एडीजी (मुख्यालय) गुप्तेश्वर पांडेय देर रात आरा पहुंचे. उधर, भोजपुर के डीएम पंकज कुमार पाल ने पूरी घटना की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम गठित की है और जांच टीम को तीन दिनों में रिपोर्ट देने को कहा है. इस टीम में एडीएम सुरेंद्र कुमार सिन्हा व डीडीसी श्याम नंदन शर्मा शामिल हैं. वहीं, तीन थानाध्यक्षों को निलंबित कर दिया गया है.

विरोध-प्रदर्शन के बाद छोड़ा

पटना छात्र समागम की नेत्री व पटना विवि छात्र संघ की पदाधिकारी रही अनुप्रिया का आरोप है कि दोनों छात्र नेताओं को पुलिस ने बुरी तरह से पीटा है. सुबह से लेकर दोपहर तक आरा में हुए विरोध प्रदर्शन, सड़क जाम के बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ा. पुलिस के गिरफ्त से छूट कर दोनों जब संगठन के लोगों से मिले, तो दर्द से कराह रहे थे. दोनों ने बताया कि पुलिस ने उन्हें बर्बरता से पिटाई की है. दोनों को पीएमसीएच में भरती कराया गया है. इलाज के दौरान चोट के निशान साफ तौर पर देखे गये. दोनों की जांघों पर गंभीर चोटें आयी हैं. पिटाई से लाल और काले धब्बे पड़ गये हैं. हाथ पर जले के भी निशान हैं. संगठन के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बेरहमी से पीटा और सिगरेट से दाग दिया है.

आज काला दिवस मनायेगा छात्र समागम

इस घटना के विरोध में रविवार को छात्र समागम ने पीएमसीएच में भी प्रदर्शन किया. छात्र समागम के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रंजन कुमार और युवा जदयू के प्रधान महासचिव मनौव्वर आलम ने कहा कि बिहार के सभी विवि में सोमवार को काला दिवस मनाया जायेगा. उन्होंने कहा कि सोमवार तक दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो उग्र आंदोलन किया जायेगा. इसका असर पूरे प्रदेश में दिखेगा. संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि आरा पुलिस के दो दारोगा राजू पासवान और राजू कुमार के आवेदनों पर एफआइआर दर्ज हुई थी.

क्या है मामला

28 नवंबर को आरा में नीतीश कुमार की संपर्क यात्रा थी. इस दौरान वीर कुंवर सिंह विवि के अध्यक्ष कुमुद पटेल और छात्र समागम के जिलाध्यक्ष प्रिंस बजरंगी को मंच पर चढ़ने से रोक दिया गया. इस पर चीफ सिक्यूरिटी से दोनों का विवाद हो गया. दोनों ने एक-दूसरे को देख लेने की धमकी दी थी. कार्यक्रम के बाद जिला प्रशासन की तरफ से दोनों छात्र नेता सहित तीन के खिलाफ आरा में एफआइआर दर्ज करायी गयी थी. इस पर रविवार तड़क तीन बजे दोनों को पुलिस ने उठा लिया. संगठन के लोगों का कहना है कि गिरफ्तारी एएसपी दीपक रंजन के नेतृत्व में हुई.

पिटाई करनेवालों पर हो कार्रवाई : वशिष्ठ

जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है. रविवार की शाम वह पीएमसीएच में भरती दोनों छात्र नेताओं को देखने पहुंचे. हालचाल लेने के बाद उन्होंने कहा, पुलिस ने उन्हें बेरहमी से पीटा है. शरीर पर कई जगहों पर पिटाई व सिगरेट से जलाने के निशान हैं. कानून-व्यवस्था संभालने का मतलब यह नहीं कि बिना किसी ठोस कारण के किसी को बेरहमी से पीटा जाये. घायल छात्रों से मिलने पीएचइडी मंत्री डॉ महाचंद्र प्रसाद सिंह, पूर्व सांसद मीना सिंह भी पहुंचीं. मौके पर छात्र समागम के अध्यक्ष डॉ रंजन कुमार व अन्य नेता भी मौजूद थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन