हर प्रखंड में एससी आवासीय विद्यालय

राजगीर (नालंदा): मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को यहां प्रत्येक प्रखंड में अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की. साथ ही उन्होंने दुष्कर्मियों को कड़ी सजा देने और पीड़िताओं को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन देने का एलान किया. अखिल भारतीय रजवार समाज एवं महादलित मंच की ओर से आयोजित […]
राजगीर (नालंदा): मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने सोमवार को यहां प्रत्येक प्रखंड में अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोलने की घोषणा की. साथ ही उन्होंने दुष्कर्मियों को कड़ी सजा देने और पीड़िताओं को तीन हजार रुपये मासिक पेंशन देने का एलान किया.
अखिल भारतीय रजवार समाज एवं महादलित मंच की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की रोशनी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और उनके सशक्तीकरण में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है. हमें अपने बच्चों की शिक्षा पर सबसे अधिक ध्यान देने की जरूरत है. महादलित परिवार संकल्प लें कि वे अपने बच्चों को शिक्षित करेंगे और परिवार को नशापान से दूर रखेंगे. उन्होंने कहा कि महादलित समुदाय के विकास में नशापान और बाल विवाह जैसी कुप्रथा प्रमुख बाधक है. इन कुप्रथाओं को त्यागना जरूरी है.
उन्होंने कहा कि श्री नीतीश कुमार ने अपनी कुरसी त्याग कर उनके जैसे महादलित को मुख्यमंत्री बनाया. यह महादलित के लिए सम्मान की बात है.
उन्होंने कहा कि विकास मित्र समाज में जागृति फैलाएं और विकास व कल्याण योजनाओं की जानकारी लोगों के बीच प्रसारित करें. साथ ही वे इंदिरा आवास योजना के साथ-साथ अन्य योजनाओं के तहत होनेवाले सर्वे को त्रुटिरहित तरीके से संपन्न करें, जिससे इनका लाभ लक्षित व्यक्ति तक पहुंच सके. उन्होंने घोषणा की कि विकास मित्रों का मानदेय बढ़ाया जायेगा. अब कोई भी विकास मित्र सरकारी काम नहीं करेंगे और न ही कोई अधिकारी सरकारी काम लेंगे. वे सिर्फ अपनी जवाबदेही का निर्वहन करेंगे. राशन कूपन में लोगों के नाम छूटने और अन्य त्रुटियों के निराकरण के लिए मुख्यमंत्री ने संबंधित पदाधिकारी को निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी भूमिहीन महादलित परिवार को आवास के लिए तीन-तीन डिसमिल जमीन देने के लिए सरकार प्रयत्नशील है. इसके अलावा शहरी क्षेत्र के भूमिहीन महादलितों के आवास के लिए भी राजीव आवास योजना के तहत काम किया जा रहा है. मुख्यमंत्री कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने सभी क्षेत्रों में प्रगति का कीर्तिमान बनाया है. हम सबों को मिल कर विकास की इस गति को न सिर्फ जारी रखना है, बल्कि इसे और तेज करना है.
इस मौके पर संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महादलित परिवार को सम्मान देकर सामाजिक न्याय का मिसाल पेश किया है. उन्होंने श्री मांझी से राज्य के बेहतर विकास की अपेक्षा जतायी. उन्होंने कहा कि मांझी सरकार को अस्थिर करने की परदे के पीछे साजिश रची जा रही है. इसका डट कर मुकाबला कर नीतीश कुमार के हाथ को मजबूत करना है.
अभिनंदन समारोह में सांसद कौशलेंद्र कुमार, विधान पार्षद राजू यादव, विधायक राजीव रंजन, जदयू के जिलाध्यक्ष सियाशरण ठाकुर, जदयू अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नदीम जफर जयमंगल राजवंशी, सीपीएम नेता परमेश्वर प्रसाद, राजद के अशोक राजवंशी, श्यामदेव राजवंशी, रामदहीन राजवंशी, कृष्णा प्रसाद, मिथलेश राजवंशी, नरेश राजवंशी आदि उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




