बिहार के कोसी क्षेत्र में ठनका का कहर, 17 मरे

Updated at : 08 Jun 2014 5:54 AM (IST)
विज्ञापन
बिहार के कोसी क्षेत्र में ठनका का कहर, 17 मरे

सुपौल/अररिया किशनगंज/पूर्णिया/कटिहारः कोसी के इलाकों में शुक्रवार की रात मूसलधार बारिश हुई. बारिश के साये आये वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. वज्रपात से अररिया में सात, सुपौल में पांच, कटिहार में दो व किशनगंज में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वज्रपात के […]

विज्ञापन

सुपौल/अररिया किशनगंज/पूर्णिया/कटिहारः कोसी के इलाकों में शुक्रवार की रात मूसलधार बारिश हुई. बारिश के साये आये वज्रपात से 15 लोगों की मौत हो गयी जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. वज्रपात से अररिया में सात, सुपौल में पांच, कटिहार में दो व किशनगंज में एक व्यक्ति की मौत हो गयी. वज्रपात के कारण जिलों में बिजली व्यवस्था भी चरमरा गयी है. दूरभाष सेवा भी ठप है. बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जल गये. अररिया में तो विद्युत आपूर्ति रात से ही ठप हो गयी है.

सुपौल : अलग-अलग जगहों पर पांच लोगों की मौत

सुपौल के त्रिवेणीगंज, जदिया, सिमराही व छातापुर प्रखंड में वज्रपात से पांच लोगों की मौत हो गयी जबकि आधा दर्जन घायल हो गये. थलहागढ़िया दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर पांच करमनिया गांव में शनिवार की अहले सुबह विरेंद्र यादव की नव विवाहिता बेटी कंचन देवी की वज्रपात की चपेट में आने से मौत हो गयी. बघला वार्ड नंबर तीन निवासी बसीरा खातून भी जख्मी हो गयी और करहरवा वार्ड नंबर आठ निवासी मुनरी देवी भी जख्मी हुई, जिसका इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया. जदिया थाना क्षेत्र के परसागढ़ी उत्तर पंचायत के वार्ड नंबर 12 में शनिवार की सुबह ठनका गिरने से एक दंपती की मौत हो गयी. बताया जाता है कि घटना तब हुई जब कपरूरी शर्मा अपनी पत्नी शांति देवी और छह वर्षीय बेटे बंसल के साथ एक झोपड़ी में सो रहे थे. वज्रपात से पति-पत्नी की तत्काल मौत हो गयी. जबकि बंसल बाल-बाल बच गया. चारपायी के नीचे बंधी तीन बकरी की भी मौत हो गयी.

घटना की सूचना पाकर सीओ अरविंद मिश्र और अवर निरीक्षक अजीत सिंह पहुंचे और सीओ के निर्देश पर मुखिया पिंकी देवी द्वारा पीड़ित परिवार को कबीर अंत्येष्ठि योजना के तहत 1500 रुपये प्रदान किया गया. सीओ ने बताया कि मुख्यमंत्री राहत कोष से पीड़ित परिवार को डेढ़ लाख रुपये उपलब्ध कराया जायेगा. सिमराही प्रतिनिधि के अनुसार राघोपुर थाना क्षेत्र के राघोपुर पंचायत में वज्रपात से शनिवार की सुबह विश्वनाथ मंडल (50 वर्ष) की मौत हो गयी. जबकि कोरियापट्टी गांव में मां ज्वालामुखी स्थान के भगत भुवनेश्वरी यादव के घर पर वज्रपात होने से आग लग गयी. वहीं कोरियापट्टी निवासी सीता राम यादव के घर वज्रपात से सीता राम यादव के बेटे राजो यादव और राजो यादव की पत्नी बेहोश हो गयी. वहीं दो बकरी की भी मौत हुई. चिकित्सा के बाद तीनों लोग होश में आये. इसके अलावा हुलास पंचायत के महावीर शर्मा की 30 वर्षीया बेटी पुनिता कुमारी भी ठनका से जख्मी हो गयी. छातापुर प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के महम्मदगंज पंचायत स्थित वार्ड नंबर 14 में शुक्रवार की देर रात बारिश के दौरान हुए वज्रपात की चपेट में आने से 50 वर्षीय परमानंद मंडल की मौत हो गयी. घटना स्थल पर पहुंच कर राजेश्वरी ओपी प्रभारी सुरेश राम ने जायजा लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

कटिहार : वज्रपात से ससुर व पतोहू की मौत

कदवा प्रखंड के दो अलग-अलग गांवों में वज्रपात से एक ही परिवार के दो लोगों की मौत हो गयी. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया. उसका इलाज सालमारी स्थित एक चिकित्सक के निजी क्लिनिक में कराया जा रहा है. प्रखंड के कुर्सेल पंचायत के शिशिया गांव में शनिवार की सुबह वज्रपात से कुर्सेल पंचायत के शिशिया ग्राम निवासी भादो अली (65) व इनकी पुत्र वधु रेशमा खातून (20) की मृत्यु घटनास्थल पर ही हो गयी. वहीं वज्रपात से उनासो पचगाछी ग्राम निवासी मो जाबेर के पुत्र मो राजा (10) घायल हो गये. इनका इलाज सालमारी स्थित एक निजी चिकित्सक के क्लिनिक में भरती कराया गया है. कदवा सीओ मो सऊद ने बताया कि घटना की सूचना अनुमंडल बारसोई व जिला मुख्यालय को भेज दी जायेगी. वहीं अंचल पदाधिकारी कदवा मो सऊद व जदयू के प्रखंड अध्यक्ष बिजय कुमार दास भी घटनास्थल भादो अली के घर पहुंचे. मौके पर राजद प्रखंड अध्यक्ष प्रदीप कुमार विश्वास, जिला पार्षद मो नौशाद, कुर्सेल पंचायत मुखिया पति अकबर अली, पूर्व प्रखंड प्रमुख रवि कुमार साह, राकांपा नेता हिमराज सिंह आदि उपस्थित थे.

पूर्णिया : ठनका गिरने से दो की मौत, एक जख्मी

पूर्णिया के बायसी थाना क्षेत्र के मझुआ गांव में ठनका गिरने से एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. जबकि एक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए स्थानीय सदर अस्पताल लाया गया है. खपड़ा पंचायत के मझुआ गांव में शनिवार के अहले सुबह बारिश के बीच ठनका गिरने से मो नजबूल की पत्नी बीबी मजगीना खातुन(40वर्ष),पुत्री नाहेला खातुन(10वर्ष) की मौत हो गयी. जबकि इस घटना में मो नजबूल बूरी तरह से झुलस गये हैं. उनका उपचार स्थानीय सदर अस्पताल में चल रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन