41.4 C
Ranchi

BREAKING NEWS

Advertisement

रांची में 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का होगा आयोजन, इंट्री फ्री

रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 का आयोजन 27 अक्टूबर से 05 नवंबर तक किया जायेगा. भारत में पहली बार इस बड़े टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है. इसकी मेजबानी झारखंड को मिली है.

  • भारत में पहली बार हो रहा है इस टूर्नामेंट का आयोजन

  • 6 देश लेंगे हिस्सा, होंगे 21 मुकाबले, हर दिन तीन मैच

  • दर्शकों की फ्री इंट्री

झारखंड की राजधानी रांची में वीमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 27 अक्टूबर से पाचं नवंबर तक किया जायेगा. इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का नाम इस बार झारखंड एशियन चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 होगा. यह इस टूर्नामेंट का सातवां संस्करण होगा. इस टूर्नामेंट में मेजबान भारत के अलावा मौजूदा चैंपियन जापान, उपविजेता कोरिया, चीन, मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगे. भारतीय महिला टीम ने 2016 में यह खिताब जीता था और 2018 में संस्करण में वे उपविजेता रही थीं.

काफी समय से रांची में नहीं हुआ कोई आयोजन

रांची ने इससे पहले 2012 से 2015 तक कई हॉकी इंडिया लीग मैचों की मेजबानी की है और यह सिटी बेस्ड फ्रेंचाइजी रांची रेज का घरेलू मैदान भी है. हाल के वर्षों में इस स्टेडियम में कई घरेलू स्तर के आयोजन हुए हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि इस शहर में इस खेल के लिए एक बड़ा फैन बेस है. झारखंड का हॉकी का इतिहास समृद्ध रहा है. इसने सात ओलंपिक खिलाड़ी पैदा किए हैं, जिन्होंने गर्व से भारत का प्रतिनिधित्व किया है. इनमें जयपाल सिंह मुंडा, सिलबानुस डुंगडुंग, मनोहर टोपनो, अजीत लकड़ा, निक्की प्रधान, सलीमा टेटे, माइकल किडो और मरांग गोमके शामिल हैं.

Also Read: दिलीप तिर्की बोले- झारखंड के खिलाड़ियों का भारतीय हॉकी में अहम योगदान, महासचिव भोलानाथ के बारे में कही ये बात
झारखंंड सरकार कर रही सहयोग

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्म श्री डॉ दिलीप तिर्की ने इस बड़े आयोजन में सहयोग के लिए झारखंड सरकार को धन्यवाद कहा है. उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को खास तौर पर धन्यवाद दिया कि उन्होंने इस बड़े आयोजन की स्वीकृति दी और साथ ही सरकार की ओर से आर्थिक सहयोग भी प्रदान की. तिर्की ने कहा कि मैं झारखंड में हॉकी के विकास और प्रचार-प्रसार के प्रति उनके अटूट समर्थन और सहयोग के लिए हॉकी इंडिया की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करना चाहता हूं. मैं हॉकी इंडिया को झारखंड एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी रांची 2023 की मेजबानी का सम्मान नवाजने के लिए एएचएफ को हार्दिक धन्यवाद देना चाहता हूं.

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कही यह बात 

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ने कहा कि यह आयोजन हॉकी के वैश्विक केंद्र के रूप में भारत के बढ़ते कद का एक प्रमाण है. हमें विश्वास है कि इस टूर्नामेंट के दौरान न केवल एशियाई महिला हॉकी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देखने को मिलेगा बल्कि हमारे अपने खिलाड़ियों को दुनिया की कुछ सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ मुकाबला करने के लिए एक शानदार मंच भी प्रदान करेगा. हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि यह टूर्नामेंट शानदार रूप से सफल हो, और हम इसमें भाग लेने वाली टीमों और फैंस का भारत में स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं.

सचिव भोलनाथ सिंह ने कही यह बात

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने अध्यक्ष की बातों को दोहराते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से हमें जो समर्थन और सहयोग मिला है, उसके लिए हम बहुत आभारी हैं. जब हमने झारखंड एशियन चैंपियंस ट्राफी की मेजबानी में अपनी रुचि व्यक्त की थी, तब माननीय मुख्यमंत्री राज्य में इस आयोजन की मेजबानी के लिए आवश्यक सभी सहायता प्रदान करने के लिए तुरंत सहमत हो गए थे. वह हमेशा खेलों के प्रबल समर्थक रहे हैं. इस तरह के मेगा इवेंट की मेजबानी करना हमारे लिए एक बड़ा सम्मान की बात है.

Also Read: भारतीय हॉकी टीम ने चौथी बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर रचा इतिहास, PM मोदी ने दी बधाई
जल्द होगी हॉकी इंडिया लीग की शुरुआत

उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यह रांची में भविष्य में और अधिक अंतरराष्ट्रीय हॉकी इवेंट्स की मेजबानी के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है. साथ ही इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी की जिम्मेदारी हमें सौंपने के लिए मैं एएचएफ को धन्यवाद देता हूं. मुझे यकीन है कि हॉकी फैंस इस टूर्नामेंट के खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करने वाले एशियाई देशों को खेलते देखकर प्रसन्न होंगे.

मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में होगा आयोजन

मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में एक कार्यक्रम में राज्य सरकार ने हॉकी इंडिया के साथ इस आयोजन के लिए करार किया. सरकार आर्थिक सहयोग के रूप में इस आयोजन के लिए 20 करोड़ रुपये खर्च करेगी. मौके पर राज्य के झारखंड के पर्यटन, कला संस्कृति, खेल और युवा कार्य विभाग के मंत्री हफीज़ुल हसन, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा और हॉकी इंडिया के कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन मौजूद थे.

कौन-कौन देश लेंगे हिस्सा

इस बड़े आयोजन में भारत के अलावा जापान,कोरिया, चीन, मलेशिया और थाईलैंड हिस्सा लेंगे. हर दिन तीन मुकाबले खेले जायेंगे. राउंड रॉबिन फॉर्मेट पर पूरा टूर्नामेंट आयोजित किया जायेगा. इसका मतलब यह है कि हर टीम को अपने पांच विपक्षियों के साथ एक-एक बार खेलने का मौका मिलेगा. टूर्नामेंट में कुल 21 मुकाबले खेले जायेंगे.

इंट्री फ्री होगी

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2023 के सभी मुकाबले रांची के मोराबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले जायेंगे. इसके लिए टिकट नहीं होंगे. मतलब दर्शक बिना पैसे खर्च किये फ्री में सभी मुकाबले देख पायेंगे. स्टेडियम की क्षमता 7000 दर्शकों की है. पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर दर्शकों को सीट मिलेगी. वीआईपी एरिया में पास के माध्यम से इंट्री होगी.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Advertisement

अन्य खबरें