'मुझे इससे चिढ़ होती थी...' जडेजा के तलवार वाले सेलिब्रेशन पर इंग्लैंड के दिग्गज ने क्यों उठाए सवाल?
स्टुअर्ट ब्रॉड और जडेजा (फोटो—सोशल मीडिया)
इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड ने खुलासा किया कि रविंद्र जडेजा का 50 रन पूरा करने के बाद किया जाने वाला 'स्वॉर्ड सेलिब्रेशन' उन्हें थोड़ा परेशान करता था. हालांकि, ब्रॉड ने जडेजा की बल्लेबाजी की भी जमकर तारीफ की.
Stuart Broad On Jadeja Sword Celebration: भारतीय ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा का बल्ले को तलवार की तरह घुमाकर सेलिब्रेशन करना क्रिकेट फैंस के बीच काफी लोकप्रिय है, लेकिन इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड को यह अंदाज खास पसंद नहीं था. ब्रॉड ने खुलासा किया कि जडेजा का 50 रन पूरा करने के बाद किया जाने वाला ‘स्वॉर्ड सेलिब्रेशन’ उन्हें थोड़ा परेशान करता था. हालांकि, उन्होंने साथ ही जडेजा की बल्लेबाजी और ऑलराउंड क्षमता की जमकर तारीफ भी की.
मुझे करता था परेशान
ब्रॉड ने ‘फॉर द लव आफ क्रिकेट’ पॉडकास्ट पर जडेजा के सेलिब्रेशन को याद करते हुए कहा, 'उनका सेलिब्रेशन मुझे थोड़ा परेशान करता था. मैं सोचता था कि यह खिलाड़ी 50 रन के लिए बल्ला क्यों घुमा रहा है? मैंने कई मौकों पर उससे कहा कि बल्लेबाजों का औसत ही 50 होता है और तुम इस तरह जश्न मना रहे हो. इसमें फ्लेयर है, लेकिन मैं इसे 100 रन के लिए बचाकर रखता.'
जडेजा को आउट करना आसान नहीं था
ब्रॉड ने मजाकिया अंदाज में सेलिब्रेशन पर सवाल उठाया, लेकिन मैदान पर जडेजा की बल्लेबाजी के सामने उनकी मुश्किलों को भी स्वीकार किया. उन्होंने भारतीय ऑलराउंडर को शानदार खिलाड़ी बताते हुए कहा कि उनके खिलाफ गेंदबाजी करना बेहद मुश्किल था, क्योंकि उन्हें आउट करना आसान नहीं होता था. ब्रॉड ने जडेजा की मौजूदा उपलब्धियों का भी जिक्र किया.
Also Read: डेथ थ्रेट लेटर मिलने के बाद बोले सौरव गांगुली, कहा- पुलिस उचित कार्रवाई करेगी, मेरे पास सुरक्षा है
बटलर ने जडेजा को बताया ‘नाइटमेयर’
पॉडकास्ट में ब्रॉड के साथ मौजूद इंग्लैंड के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज जोस बटलर ने भी जडेजा की तारीफ की. बटलर ने कहा कि खासकर भारत में जडेजा का सामना करना किसी बुरे सपने से कम नहीं था. उन्होंने कहा कि जडेजा दबाव के समय अपनी टीम के लिए हमेशा खड़े होते थे. जब टीम को रनों की जरूरत होती थी, तब वह महत्वपूर्ण पारियां खेलने में सक्षम रहे हैं.
बटलर ने कहा, परिस्थितियों के हिसाब से जडेजा को बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजा जा सकता था. यही वजह है कि उन्हें एक ऐसे बल्लेबाज के तौर पर देखा जाता है जो अपनी उपयोगिता के बावजूद कई बार कम आंका जाता है.
जडेजा के आंकड़े भी हैं शानदार
ब्रॉड ने जडेजा के आंकड़ों को उनकी अहमियत का बड़ा सबूत बताया. उन्होंने कहा कि इंग्लैंड में भी भारतीय टीम के लिए जडेजा और रविचंद्रन अश्विन में से किसे खिलाया जाए, इसे लेकर दुविधा रहती थी. ब्रॉड के मुताबिक यह अपने आप में जडेजा की काबिलियत की बड़ी गवाही है. इंग्लैंड के खिलाफ जडेजा का रिकॉर्ड भी प्रभावशाली रहा है. उन्होंने इस टीम के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में 40 से अधिक के औसत से रन बनाए हैं और तीन शतक तथा 11 अर्धशतक भी लगाए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








