15 अगस्त को भारत खेलेगा अपना 600वां टेस्ट, शुभमन गिल बोले- देश की कप्तानी करना मेरे लिए सम्मान की बात
ट्रॉफी संग शेयर की तस्वीरे, शुभमन गिल (फोटो—एक्स)
भारत शनिवार, 15 अगस्त से श्रीलंका के खिलाफ अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगा. इस ऐतिहासिक मुकाबले में टीम इंडिया की कप्तानी शुभमन गिल करेंगे, जिसे वह एक बड़ा सम्मान बता रहे हैं. गिल ने टीम के WTC फाइनल में पहुंचने के लक्ष्य पर भी प्रकाश डाला.
IND vs SL Test Series: भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज शनिवार, 15 अगस्त से शुरू होने जा रही है. गॉल में होने वाला पहला टेस्ट भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास होगा, क्योंकि इसी मुकाबले के साथ टीम इंडिया अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इस ऐतिहासिक मुकाबले में टीम की कप्तानी करना शुभमन गिल के लिए भी बेहद खास है. फ्राइडे को टेस्ट सीरीज की ट्रॉफी का अनावरण किया गया, जिसके बाद गिल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत की और 600वें टेस्ट की कप्तानी को लेकर अपनी बात रखी.
कप्तानी करना सम्मान की बात
शुभमन गिल ने कहा कि अपने देश के 600वें टेस्ट मैच में टीम की अगुआई करना उनके लिए बड़े सम्मान और गर्व की बात है. उन्होंने कहा, 'अपने देश के 600वें टेस्ट मैच में नेतृत्व करना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान और सौभाग्य है. स्वतंत्रता दिवस पर ऐसा करना हमारे लिए और भी खास है.' गिल ने कप्तानी की भूमिका को लेकर भी अपनी सहजता जाहिर की. उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में टीम जिस तरह आगे बढ़ी है, वह काफी संतोषजनक है और टीम सही दिशा में कदम बढ़ा रही है.
WTC फाइनल पर गिल की नजर
भारतीय कप्तान ने कहा कि टीम का सबसे बड़ा लक्ष्य अगले साल होने वाले विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बनाना है. गिल के मुताबिक भारत को अगले करीब नौ टेस्ट मैचों में से छह से सात मुकाबले जीतने होंगे, ताकि टीम के पास फाइनल में पहुंचने का अच्छा मौका हो. तैयारी को लेकर गिल ने कहा कि टीम ने इस सीरीज के लिए सही तरह से तैयारी की है और खिलाड़ियों का पूरा ध्यान बेहतर प्रदर्शन करने पर है.
Also Read: शादी के बाद वापस ट्रेनिंग पर लौटे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
तैयारी के लिए समय मिलना जरूरी
गिल ने खिलाड़ियों की तैयारी को लेकर भी अहम बात कही. उन्होंने कहा कि अगर टेस्ट मैच से पहले टीम को कम से कम सात से 10 दिन का समय मिल जाए तो परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालने में काफी मदद मिलती है.
उन्होंने कहा कि पिछले साल टीम का कार्यक्रम काफी व्यस्त रहा था. खिलाड़ियों ने इंग्लैंड का दौरा किया, फिर एशिया कप और भारत में टेस्ट मैच खेले और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटने के महज चार दिन बाद टेस्ट मैच खेलना पड़ा. ऐसे में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग परिस्थितियों में खुद को जल्दी ढालना आसान नहीं होता. टीम के कई खिलाड़ियों को परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार करने के लिए थोड़ा अतिरिक्त समय चाहिए.
Also Read: स्टार्क और मेहदी हसन मिराज के बीच मैदान पर हुई तीखी बहस, अंपायर को करना पड़ा बीच-बचाव
स्पिन के खिलाफ होगी असली परीक्षा
श्रीलंका के खिलाफ गॉल में शुरू होने वाली सीरीज में भारतीय बल्लेबाजों की स्पिन के खिलाफ कड़ी परीक्षा होगी. मेजबान टीम के पास प्रभात जयसूर्या और रमेश मेंडिस जैसे स्पिन विकल्प हैं. वहीं भारत भी कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और मानव सुथार जैसे स्पिनरों के साथ उतर सकता है. भारत के लिए यह सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है.
भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), लोकेश राहुल, यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी और सरफराज खान.
श्रीलंका टीम: धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), लाहिरू उदारा, निशान मदुश्का, कामिंदु मेंडिस, दिनेश चांदीमल, पासिंदु सूरियाबंडारा, सोनल दिनूषा, निरोशन डिकवेला, रमेश मेंडिस, प्रभात जयसूर्या, केशारा नुवंथा, मिलन रत्नायके, असिथ फर्नांडो, लाहिरू कुमारा, विश्व फर्नांडो और दिलशान मदुशंका.
Also Read: श्रीलंका के खिलाफ खराब प्रदर्शन से चली जाएगी गौतम गंभीर की नौकरी? जानिए क्या है पूरा समीकरण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








