डेथ थ्रेट लेटर मिलने के बाद बोले सौरव गांगुली, कहा- पुलिस उचित कार्रवाई करेगी, मेरे पास सुरक्षा है
सौरव गांगुली (फोटो—एक्स)
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली ने जान से मारने की धमकी वाले पत्रों पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने बताया कि पुलिस को शिकायत दर्ज करा दी गई है और उन्हें जांच पर भरोसा है.
Sourav Ganguly on Death Threat: पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी वाले पत्र मिलने के बाद उन्होंने पहली बार इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है. शुक्रवार (14 अगस्त) को कोलकाता में एक कार्यक्रम के दौरान गांगुली से जब इस मामले को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पुलिस को इसकी जानकारी दे दी गई है और उन्हें भरोसा है कि पुलिस उचित कार्रवाई करेगी.
थाने में दर्ज कराई लिखित
शिकायत भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने अपनी और अपनी पत्नी डोना गांगुली को मिले धमकी भरे पत्रों के मामले में यह बात कही है कि उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करा दी है. कोलकाता के ठाकुरपुकुर पुलिस स्टेशन में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. गांगुली ने फ्राइडे को मीडिया से बातचीत के दौरान इस मामले में चल रही जांच के बारे में बताया.
गांगुली ने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि पुलिस इसे सुलझा लेगी. जिस नंबर से धमकी मिली है, वह यहीं का है. उम्मीद है कि पुलिस जरूरी कार्रवाई करेगी. मेरे पास सुरक्षा भी है.'
सीएबी कार्यालय में भी पहुंचे धमकी भरे पत्र
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (CAB) के कार्यालय में भी दो पत्र भेजे गए थे. लिफाफे खोलने पर अंग्रेजी में लिखे पत्र मिले, जिनमें कथित तौर पर सौरव गांगुली, उनकी पत्नी डोना और उनके कर्मचारियों को धमकी दी गई थी. पत्रों में आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल की बात भी सामने आई है. मामला सामने आने के बाद सीएबी अधिकारियों और गांगुली के परिवार ने पुलिस को इसकी जानकारी दी. पुलिस अब पत्रों और उसमें दिए गए फोन नंबर समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.
Also Read: शादी के बाद वापस ट्रेनिंग पर लौटे क्रिस्टियानो रोनाल्डो, सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीरें
पिछले 6 मंथ से मिल रहे लेटर
जानकारी के मुताबिक, सौरव गांगुली और उनकी पत्नी डोना गांगुली को कथित तौर पर धमकी भरे पत्र भेजे गए हैं. परिवार की ओर से थाने में दी गई जानकारी के अनुसार, पिछले करीब छह महीनों से सौरव गांगुली को अज्ञात व्यक्ति की ओर से गुमनाम लेटर मिल रहे थे. शुरुआती पत्र अंग्रेजी में लिखे गए थे और उनमें कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था. परिवार ने शुरुआत में इन पत्रों को गंभीरता से नहीं लिया. हालांकि, हालिया पत्र में सौरव और डोना गांगुली को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई, जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी गई.
पहले भी मिल चुकी है धमकी
सौरव गांगुली को इससे पहले भी धमकी मिलने का मामला सामने आ चुका है. साल 2017 में उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में निर्मल्य माइती नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अभिजीत कुमार
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए








