नंबर वन रैंकिंग हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनी साइना नेहवाल

Updated:
विज्ञापन

नयी दिल्ली : साइना नेहवाल ने शनिवार को वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर वन पर पहुंच कर पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन कर इतिहास रच दिया. साइना ने नंबर वन के ताज पर तब कब्जा किया, जब उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी स्पेन की कैरोलिना मारिन यहां इंडिया ओपन सुपर सीरीज सेमीफाइनल में हार गयी. आधिकारिक रैंकिंग […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : साइना नेहवाल ने शनिवार को वर्ल्ड रैंकिंग में नंबर वन पर पहुंच कर पहली भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बन कर इतिहास रच दिया. साइना ने नंबर वन के ताज पर तब कब्जा किया, जब उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी स्पेन की कैरोलिना मारिन यहां इंडिया ओपन सुपर सीरीज सेमीफाइनल में हार गयी. आधिकारिक रैंकिंग अगले सप्ताह गुरुवार को जारी होगी, लेकिन मारिन की हार से साइना का नंबर एक बनना तय हो गया है.

दूसरी वरीयता प्राप्त मौजूदा विश्व चैंपियन मारिन को तीसरी वरीयता प्राप्त थाईलैंड की रेत्नाचोक इंतानोन ने 21-19, 21-23, 22-20 से हराया. प्रकाश पदुकोण नंबर वन पुरुष खिलाड़ी रह चुके हैं, लेकिन शीर्ष रैंकिंग हासिल करनेवाली साइना पहली भारतीय महिला खिलाड़ी है. साइना ने दूसरे सेमीफाइनल में जापान की यूइ हाशिमोतो को सीधे गेम में हरा कर फाइनल में जगह बनायी. साइना ने हाशिमोतो को 21-15, 21-11 से हराया. अब उसका सामना पूर्व विश्व चैंपियन थाईलैंड की रेत्चानोक इंतानोन से होगा. लंदन ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता साइना ने अपने कैरियर में 14 अंतरराष्ट्रीय खिताब जीते हैं. हाल ही में वह ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप फाइनल में पहुंचनेवाली पहली भारतीय महिला बनी थी.

रैंकिंग के बारे में पूछने पर साइना ने कहा : नंबर वन रैंकिंग अभी मेरे जेहन में नहीं है. मैं सभी टूर्नामेंटों में खेलने और जीतने पर फोकस कर रही हूं. उन्होंने कहा : मैं अच्छा खेलना चाहती हूं और उन खिलाड़ियों को हराना चाहती हूं, जिनसे हार रही थी. मैं उस तरह से हारना नहीं चाहती, जैसे पिछले तीन साल में हारी हूं. मैं लगातार अच्छा खेलना चाहती हूं. साइना सेमीफाइनल में हारती है, तो भी उसके 75761 अंक होते. अंतिम चार में पहुंचने के लिए उसे 6420 अंक मिले थे. कैरोलिना को भी सेमीफाइनल में पहुंचने के 6420 अंक मिले, जिससे उसका कुल योग 73618 हो गया है.

राष्ट्रपति , प्रधानमंत्री ने साइना को बधाई दी

नयी दिल्ली. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साइना नेहवाल को दुनिया की नंबर एक महिला बैडमिंटन खिलाड़ी बनने पर बधाई दी है. मुखर्जी ने ट्विटर पर लिखा : साइना नेहवाल को दुनिया की नंबर एक बैडमिंटन खिलाड़ी बनने पर बधाई. वह इस सम्मान की हकदार थी. इंडियन ओपन सेमीफाइनल के लिए शुभकामना. प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा : साइना नेहवाल की अप्रतिम सफलता ने हमें गौरवान्वित किया है. मैं उन्हें दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी बनने पर बधाई देता हूं.

साइना युवा खिलाड़ियों के लिए सही रोल मॉडल : सचिन

नयी दिल्ली. चैंपियन क्रिकेटर सचिन तेंडुलकर समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों ने साइना नेहवाल को बधाई दी है. सचिन ने ट्विटर पर लिखा : साइना नेहवाल को नंबर वन रैंकिंग हासिल करनेवाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बनने पर बधाई. यह प्रदर्शन बरकरार रखें. वह वाकई देश में उदीयमान खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल है.

पिता ने कहा-साइना को अब और मेहनत करनी होगी

हैदराबाद. साइना नेहवाल के पिता हरवीर सिंह ने शनिवार को अपनी बेटी के दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी बनने का श्रेय उसकी कड़ी मेहनत को दिया. उन्होंने कहा : उसे अच्छे नतीजे नहीं मिल रहे थे. फिर वह बेंगलुरु चली गयी. वह घर पर नहीं रह रही थी. उसने बहुत मेहनत की है. कोचों और बाकियों ने उसकी काफी मदद की. हम ईश्वर और उसके समर्थकों के शुक्रगुजार हैं. उन्होंने कहा कि साइना को चीनी खिलाड़ियों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola