जूनियर हॉकी : भारत ने पाक को 6-0 से रौंदा

Updated at : 15 Oct 2014 6:24 PM (IST)
विज्ञापन
जूनियर हॉकी : भारत ने पाक को 6-0 से रौंदा

जोहोरु बारु (मलेशिया) : अरमान कुरैशी की अगुवाई में भारत की जूनियर हॉकी टीम ने आज सुल्तान जोहोर कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 6-0 से रौंद डाला. तमन दया स्टेडियम में खेले गये इस मैच में पाकिस्‍तान की ओर से कोई भी गोल नहीं किया जा सका. इधर भारतीय टीम ने गोलों की बारिश […]

विज्ञापन

जोहोरु बारु (मलेशिया) : अरमान कुरैशी की अगुवाई में भारत की जूनियर हॉकी टीम ने आज सुल्तान जोहोर कप में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 6-0 से रौंद डाला. तमन दया स्टेडियम में खेले गये इस मैच में पाकिस्‍तान की ओर से कोई भी गोल नहीं किया जा सका. इधर भारतीय टीम ने गोलों की बारिश कर दी.

पिछले मैच में ब्रिटेन के हाथों 0-2 से हारने वाली भारतीय टीम ने आज खेल के हर विभाग में बेहतर प्रदर्शन किया. भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम को पस्त करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.भारत की तरफ से अरमान कुरैशी (49वें और 70वें मिनट) ने दो जबकि इमरान खान (21वें मिनट), परविंदर सिंह (34वें), हरमनप्रीत सिंह (53वें) और वरुण कुमार (67वें मिनट) ने एक एक गोल किया. भारत की यह टूर्नामेंट में दूसरी जीत है. उसने पहले मैच में न्यूजीलैंड को 2-1 से हराया था. वह अपना अगला मैच कल मलेशिया से खेलेगा.

पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने शुरु से ही तेजी दिखायी और फारवर्ड गोल करने के लिये आतुर दिखे जिससे विरोधी टीम दबाव में आ गयी. भारत ने इसका फायदा उठाया और इमरान ने 21वें मिनट में पेनल्टी कार्नर पर गोल कर दिया. पाकिस्तानी गोलकीपर मोहम्मद खालिद ने पहले फ्लिक का बचाव कर दिया था लेकिन इमरान के रिबाउंड का उनके पास कोई जवाब नहीं था.
इसके बाद भी भारतीय टीम ने हमलावर तेवर बनाये रखे और परविंदर ने पहला हाफ समाप्त होने से एक मिनट पहले गुरिंदर सिंह के क्रास को डिफलेक्ट करके मध्यांतर तक भारत को 2-0 से आगे कर दिया. भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में भी पाकिस्तान को दबाव में बनाये रखा. इस बीच पाकिस्तानी टीम ने कुछ अच्छे मूव बनाये लेकिन गोलकीपर अभिनव पांडे की तारीफ करनी होगी जिन्होंने फिर से शानदार खेल दिखाकर पाकिस्तान के प्रयासों को नाकाम करने में कोई कसर नहीं छोडी.
कुरैशी ने फिर से अच्छा खेल दिखाया. उन्होंने 49वें मिनट में मैदानी गोल करके भारत का स्कोर 3-0 किया और इसके चार मिनट बाद हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदल दिया. भारतीय टीम को 67वें मिनट में पेनल्टी मिला जिस पर वरुण ने गोल दागा जबकि कुरैशी ने अंतिम हूटर बजने से चंद सेकेंड पहले गोल करके भारत की बड़ी जीत सुनिश्चित की.
भारतीय कोच हरेंद्र सिंह ने इस जीत पर खुशी जतायी लेकिन इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अब भी कुछ विभागों में सुधार की जरुरत है. हरेंद्र ने कहा, यह अच्छी जीत रही लेकिन अब भी कई विभाग हैं जिनमें सुधार की जरुरत है. मुझे खुशी है कि हमने अपनी भावनाओं को काबू में रखा. खिलाडियों को जो इनपुट दिये गये थे उन्होंने उनका अच्छी तरह से इस्तेमाल किया. उन्होंने कहा, जीत का श्रेय खिलाडियों को जाता है. उन्होंने तेज खेल दिखाया और गेंद पर अच्छी तरह से पकड बनाये रखी. इससे पहले एक अन्य मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पिछडने के बाद वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को 4-3 से हराया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola